NEET UG 2026 परीक्षा आज, 22.79 लाख छात्र देंगे एग्जाम; सेंटर टाइमिंग, ड्रेस कोड और जरूरी गाइडलाइन जरूर जान लें

देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 का आयोजन आज, 3 मई रविवार को किया जा रहा है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से आयोजित होने वाली यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में होगी। परीक्षा पेन-एंड-पेपर मोड में कराई जाएगी। वहीं दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया गया है, जिसके तहत वे शाम 6 बजे तक परीक्षा दे सकेंगे।

इस बार NEET UG 2026 में लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा का आयोजन भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में स्थित 5,432 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की भागीदारी के चलते यह परीक्षा दुनिया की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में शामिल हो गई है।

परीक्षा संचालन के लिए 2 लाख से ज्यादा कर्मियों की तैनाती

एनटीए ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। परीक्षा संचालन में विभिन्न एजेंसियों और प्रशासनिक इकाइयों की मदद ली जा रही है।

शहर स्तर पर निगरानी के लिए 674 सिटी कॉर्डिनेटर्स की नियुक्ति की गई है। वहीं परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी के लिए 6,000 से अधिक पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर केंद्र अधीक्षक और निरीक्षक भी मौजूद रहेंगे। गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षित ढुलाई के लिए जिला प्रशासन, पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की मदद ली जा रही है। कुल मिलाकर परीक्षा के सफल संचालन के लिए 2 लाख से अधिक कर्मियों को लगाया गया है।

परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह

एनटीए ने उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड पर दिए गए परीक्षा केंद्र के पते को ध्यान से जांचने की सलाह दी है। एजेंसी के मुताबिक, कुछ परीक्षा केंद्रों की लोकेशन Google Maps और अन्य प्लेटफॉर्म पर गलत दिखाई दे रही है। ऐसे में केवल मैप लोकेशन के भरोसे न रहें और एडमिट कार्ड पर दिए गए पूरे पते की पहले से पुष्टि कर लें।

उम्मीदवारों को ट्रैफिक, मौसम और अन्य संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है। सभी परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। बिना एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

पुरुष उम्मीदवारों के लिए क्या है ड्रेस कोड

एनटीए की गाइडलाइन के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों को साधारण ट्राउजर, पैंट या जींस पहनकर परीक्षा केंद्र जाना होगा। जूते की जगह चप्पल या साधारण सैंडल पहनने की सलाह दी गई है। किसी भी प्रकार की टोपी, मफलर या सिर ढकने वाली वस्तु पहनने की अनुमति नहीं होगी।

महिला उम्मीदवारों को भी सादगी रखने की सलाह

महिला अभ्यर्थियों को लेगिंग या ट्राउजर पहनने की सलाह दी गई है। इसके साथ साधारण सैंडल पहनने को कहा गया है और जूते पहनने से बचने की हिदायत दी गई है। उम्मीदवारों को मेहंदी लगाने से बचने और परीक्षा केंद्र के अंदर हैंडबैग या पर्स न ले जाने की सलाह भी दी गई है।

तनाव या चिंता होने पर हेल्पलाइन पर करें संपर्क

एनटीए ने परीक्षा से पहले छात्रों की मानसिक स्थिति को लेकर भी महत्वपूर्ण अपील जारी की है। एजेंसी ने कहा है कि किसी भी परीक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण छात्रों की जिंदगी और मानसिक सेहत है।

एनटीए ने अपने बयान में कहा, “अगर कोई उम्मीदवार तनाव, चिंता या अत्यधिक दबाव महसूस कर रहा है, तो वह आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1-800-891-4416 पर तुरंत संपर्क कर सकता है। उम्मीदवार अकेले नहीं हैं और मदद हर समय उपलब्ध है।”

देशभर में प्रशासन और परीक्षा एजेंसियां NEET UG 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं।

Related posts