NEET टॉपर्स ने पेपर लीक विवाद पर तोड़ी चुप्पी! बोले- रोए भी, लेकिन हार नहीं मानी… सिस्टम में सुधार जरूरी

नई दिल्ली: नीट यूजी 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर देशभर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन और आंदोलन जारी है। इसी बीच दोबारा आयोजित परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाले आर्यन गुप्ता और रैंक-2 पाने वाले पंशुल बंसल ने इस पूरे विवाद पर अपनी राय साझा की है। दोनों टॉपर्स ने माना कि पेपर रद्द होने से उन्हें भी निराशा हुई, लेकिन उन्होंने विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के बजाय अपनी तैयारी पर पूरा ध्यान केंद्रित किया।

पेपर रद्द होने पर बहुत रोया था- आर्यन

ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाले आर्यन गुप्ता ने बताया कि पेपर रद्द होने की खबर उनके लिए बेहद निराशाजनक थी। उन्होंने कहा कि शुरुआत में वह काफी दुखी हुए और इस दौरान रोए भी, लेकिन जल्द ही उन्होंने खुद को संभाला और दोबारा पढ़ाई में जुट गए।

आर्यन के अनुसार, बाद में उन्हें एहसास हुआ कि सिर्फ वही नहीं, बल्कि करीब 22 लाख अभ्यर्थियों को इसी स्थिति का सामना करना पड़ा और सभी को दोबारा परीक्षा देनी पड़ी। उन्होंने अगले ही दिन से फिर तैयारी शुरू की और पूरी मेहनत के साथ परीक्षा दी, जिसका परिणाम उनके सामने है।

प्रदर्शन नहीं, पढ़ाई को बनाया प्राथमिकता- पंशुल

ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल करने वाले पंशुल बंसल ने कहा कि उन्होंने विरोध-प्रदर्शनों में शामिल होने के बजाय अपनी पढ़ाई जारी रखने का फैसला किया। उनके मुताबिक, प्रदर्शन में समय देने से बेहतर था कि वह घर पर रहकर अपनी तैयारी मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने रोजमर्रा के अध्ययन कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया और पिछले डेढ़ महीने तक पूरी क्षमता के साथ तैयारी की। उनका मानना था कि मेहनत करना उनके हाथ में है, जबकि बाकी परिणाम ईश्वर पर छोड़ देना चाहिए।

परिवार और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

आर्यन गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़े भाई और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन समय में परिवार और शिक्षकों के सहयोग ने उन्हें सकारात्मक बनाए रखा। उनके पिता डॉ. सचिन गुप्ता एनेस्थिसियोलॉजिस्ट हैं, जबकि उनकी मां डॉ. रेनू गुप्ता गायनेकोलॉजिस्ट हैं। उनके बड़े भाई दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं।

‘लोकतंत्र में विरोध जरूरी, लेकिन सिस्टम में भी सुधार होना चाहिए’

पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलनों पर आर्यन गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अपना महत्व है। उन्होंने माना कि परीक्षा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता है और उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसे कदम उठाए जाएंगे जिससे पेपर लीक जैसी घटनाएं दोबारा न हों।

दिल्ली के छात्र हैं पंशुल बंसल

पंशुल बंसल दिल्ली के ग्रेटर कैलाश स्थित केआर मंगलम वर्ल्ड स्कूल के छात्र हैं। उन्होंने नीट यूजी 2026 की दोबारा आयोजित परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-2 हासिल की। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरे विवाद के दौरान अपना ध्यान केवल पढ़ाई पर रखा और उसी का परिणाम उन्हें सफलता के रूप में मिला।

 

Related posts