नई दिल्ली। क्या आप जानते हैं कि दुनिया का सबसे पुराना होटल करीब 1400 साल पुराना है? यकीन नहीं होता है ना? लेकिन यह सच है। दुनिया का सबसे पुराना होटल जापान में है । फुजिवारा मोइतो नाम के व्यक्ति ने होटल निशियाना ओनसेन कियूनकन को साल 705 में बनवाया था। इस होटल को फिलहाल मोइतो परिवार की 52वीं पीढ़ी संभाल रही है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने आधिकारिक तौर पर इसे दुनिया के सबसे पुराने लगातार चलने वाले होटल के रूप में मान्यता दी है। साल 705 में फुजिवारा मोइतो ने इस रिसॉर्ट की स्थापना की थी ।
इस हिसाब से वर्तमान में यह 1320 साल पुराना है। तब से उनका परिवार आतिथ्य उद्योग में विशेषज्ञ रहा है। लोगों की जरूरतों के मद्देनजर पिछले कुछ साल में रिसॉर्ट में काफी आधुनिकीकरण और बदलाव हुआ है। इसके बाद भी रिसॉर्ट में परंपरागत चीजें देखने को मिलती हैं।
एक बात तो साफ हो जाती है कि होटल इंडस्ट्री आपकी और हमारी सोच से भी काफी पुरानी है। जब दुनिया में लंदन, पेरिस, रोम और एथेंस जैसे प्राचीन शहर मौजूद हैं। और उनकी संस्कृति के बारे में हम पढ़ते रहते हैं। तो ऐसे में दुनिया के सबसे पुराने होटल का जापान में होना थोड़ा चौंकाता है।
निशियामा ओनसेन केयुनकन माउंट फूजी से कुछ ही दूरी पर है। इस होटल को देखने के लिए जापान ही नहीं पूरी दुनिया से लोग पहुंचते हैं। होटल का मुख्य आकर्षण गर्म झरने और आंखों को सुकून देने वाले प्राकृतिक नजारे हैं। ऐतिहासिक समुराई से लेकर मशहूर हस्तियों और राजनेताओं तक कई लोग इसके इतिहास और हीलिंग वॉटर के लिए रिसॉर्ट में आते रहे हैं।
केयुनकन के फेमस बाथ मोचितानी नो यू में सीधे गर्म झरनों से पानी आता है। यहां आने वाले लोग सीधे झरनों से आने वाला पानी पीते भी हैं। रिसॉर्ट की यही खूबी इसे बाकी होटलों से अलग पहचान देती है। निशियामा ओनसेन केयुनकन में 37 कमरे हैं। सभी पारंपरिक जापानी शैली में सजाए गए हैं। यहां एक रात रुकने के लिए 408 डॉलर यानी करीब 35 हजार रुपये का भुगतान करना होता है।
रूम बुकिंग के लिए निशियामा ओनसेन केयुनकन की वेबसाइट पर जा सकते हैं। ये रिसॉर्ट अकाइशी पहाड़ियों की तलहटी में बना हुआ है। दुनिया के सबसे पुराने होटल में ओपन- एयर बाथ लेने की व्यवस्था भी है। इस दौरान आप सामने पहाड़ी और जंगल का नजारा भी ले सकते हैं। 14 सदी पुराने इस रिसॉर्ट के एक तरफ खूबसूरत नदी बहती है।
वहीं, रिसॉर्ट के दूसरी तरफ फैला हुआ घना जंगल है। जंगल का शानदार नजारा होटल के हर कमरे की खिड़की से दिखाई देता है। समय- समय पर इस होटल का नवीकरण होता रहता है। आखिरी बार साल 1997 में इसका नवीकरण किया गया था। फुजिवारा मोइतो की 52वीं पीढ़ी फिलहाल इस खूबसूरत रिजॉर्ट को चला रही है।
यह भी पढ़ें : पोलैंड के राष्ट्रपति चुनाव में रूढ़िवादी करोल नवरोकी की जीत