लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-14 में भीषण आग का तांडव, 100 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर खाक, धमाकों से दहला इलाका

लखनऊ की राजधानी में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विकासनगर के सेक्टर-14 इलाके में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब सौ से अधिक झोपड़ियां इसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गईं। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सिलेंडर और कंप्रेसर ब्लास्ट से बढ़ी भयावहता
आग फैलने के साथ ही झोपड़ियों में रखे गैस सिलेंडर और रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर एक-एक कर फटने लगे। लगातार हो रहे धमाकों ने स्थिति को और खतरनाक बना दिया। तेज धमाकों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर, राहत-बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं। राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके और किसी भी संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

आग लगने के कारणों का नहीं चला पता, प्रशासन कर रहा नुकसान का आकलन
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।

Related posts