चीन की पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 21 लोगों की मौत; 61 घायल, मौके पर चल रहा बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

बीजिंग: चीन के हुनान प्रांत से मंगलवार को एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां लियुयांग शहर स्थित एक आतिशबाजी निर्माण फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हो गया, जिसमें 21 लोगों की मौत हो गई जबकि 61 लोग घायल बताए जा रहे हैं। विस्फोट इतना भीषण था कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक, हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। मौके पर करीब 500 बचावकर्मियों को तैनात किया गया है। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

शाम करीब 5 बजे हुआ बड़ा धमाका

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, यह हादसा सोमवार शाम करीब 5 बजे हुआ। विस्फोट हुनान प्रांत के गुआंडू टाउनशिप में स्थित ‘लियुयांग हुआशेंग आतिशबाजी निर्माण और प्रदर्शन कंपनी’ में हुआ।

बताया जा रहा है कि विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं।

500 बचावकर्मी मौके पर तैनात

हादसे के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, घटनास्थल पर लगभग 500 बचावकर्मियों को लगाया गया है।

अधिकारियों ने आसपास मौजूद दो बारूद गोदामों को देखते हुए इलाके को बेहद संवेदनशील घोषित किया और आसपास रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

रोबोट की मदद से चलाया गया सर्च ऑपरेशन

बचाव अभियान के दौरान किसी और हादसे से बचने के लिए विशेष सावधानी बरती गई। संभावित विस्फोटक खतरे को कम करने के लिए लगातार पानी का छिड़काव और नमीकरण किया गया।

इसके अलावा सर्च और रेस्क्यू अभियान में मदद के लिए तीन रोबोट भी तैनात किए गए। इन रोबोट्स की मदद से खतरनाक हिस्सों की जांच और तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

विस्फोट के कारणों की जांच शुरू

चीनी अधिकारियों ने विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, फैक्ट्री प्रबंधन से जुड़े लोगों के खिलाफ “नियंत्रण उपाय” लागू किए गए हैं, हालांकि प्रशासन ने इन उपायों की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि विस्फोट तकनीकी खराबी, सुरक्षा मानकों में लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुआ।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

गौरतलब है कि चीन में इससे पहले भी आतिशबाजी फैक्ट्रियों में कई बड़े हादसे हो चुके हैं। इसी साल फरवरी में चंद्र नव वर्ष के दौरान भी पटाखों की दुकानों में हुए दो अलग-अलग विस्फोटों में कई लोगों की जान गई थी।

लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसों के बाद चीन में आतिशबाजी उद्योग की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

Related posts