Manipur Operation: सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन, प्रतिबंधित संगठन के दो उग्रवादी गिरफ्तार

नई दिल्ली: मणिपुर में सुरक्षा बलों ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई इंफाल पूर्व जिले में की गई, जहां इन पर जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।

इंफाल पूर्व में दो ठिकानों पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (अपुनबा) से जुड़े एक सदस्य को मंगलवार को पुंडोंगबाम मखा लेइकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। इसी दिन लामलाई थाना क्षेत्र के चाना मायाई लेइकाई इलाके में एक घर से संगठन के एक अन्य कार्यकर्ता को भी पकड़ा गया।

खुफिया इनपुट पर जारी है सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने बताया कि राज्य में जबरन वसूली और आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बल लगातार घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन के जरिए ऐसे तत्वों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

हथियार, गोला-बारूद और IED बरामद
इसी क्रम में तेंगनौपाल जिले के सैवोम रिज के जंगल क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए। बरामद सामग्री में 9 मिमी की चार पिस्तौल, 12 आईईडी, कपड़े और वर्दी शामिल हैं, जिनमें दो लड़ाकू जैकेट और एक टोपी भी शामिल है। बरामद किए गए आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया गया।

जातीय हिंसा के बाद लगातार अभियान जारी
गौरतलब है कि मई 2023 में भड़की जातीय हिंसा के बाद से मणिपुर में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। मेइती और कुकी-ज़ो समुदायों के बीच हुए संघर्ष में अब तक 260 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके हैं।

Related posts