AAP छोड़ BJP में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक पर कानूनी शिकंजा, पंजाब में 2 FIR दर्ज; गिरफ्तारी की आशंका तेज

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी से अलग होकर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने वाले राज्यसभा सांसद संदीप पाठक की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पंजाब के दो अलग-अलग जिलों में उनके खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। दोनों ही मामलों में गैर-जमानती धाराएं लगाई गई हैं, जिसके चलते उनके ऊपर गिरफ्तारी का खतरा मंडराने लगा है।

दो जिलों में दर्ज हुई FIR, गैर-जमानती धाराएं शामिल

जानकारी के मुताबिक, संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब के अलग-अलग जिलों में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में गंभीर धाराएं लगाई गई हैं, जो गैर-जमानती श्रेणी में आती हैं। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

संदीप पाठक बोले- FIR की नहीं कोई जानकारी

एफआईआर दर्ज होने की खबरों के बीच संदीप पाठक का पहला बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी भी एफआईआर की कोई जानकारी नहीं है और न ही किसी पुलिस अधिकारी ने उन्हें इस संबंध में सूचित किया है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी और निष्ठा के साथ देश की सेवा की है और देश उनके लिए किसी भी राजनीतिक दल से ऊपर है।

‘कार्रवाई उनकी दहशत दिखाती है’—पाठक का पलटवार

संदीप पाठक ने आगे कहा कि यदि उनके जैसे व्यक्ति के खिलाफ कोई कार्रवाई शुरू की जाती है, तो यह विरोधियों की घबराहट को दर्शाता है। हालांकि, उन्होंने इस मामले पर ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार किया।

दिल्ली आवास पर पहुंची पुलिस, पीछे के दरवाजे से निकले पाठक

इस बीच, दिल्ली में उनके सरकारी आवास पर पुलिस टीम के पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। तिलक मार्ग थाने के अधिकारी और पुलिसकर्मी उनके घर के बाहर देखे गए। इसी दौरान संदीप पाठक अपने आवास के पिछले दरवाजे से जल्दी में बाहर निकलते हुए नजर आए और गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए।

जल्दबाजी में दिखे, हाथ में सूटकेस भी आया नजर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस दरवाजे से वह बाहर निकले, उसका आमतौर पर इस्तेमाल नहीं होता है। बाहर निकलते समय वह जल्दबाजी में दिखाई दिए और उनके हाथ में एक सूटकेस भी देखा गया, जिससे स्थिति को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।

AAP से बगावत कर BJP में शामिल हुए 7 सांसद

गौरतलब है कि 24 अप्रैल को संदीप पाठक ने राघव चड्ढा समेत आम आदमी पार्टी के सात सांसदों के साथ बीजेपी जॉइन की थी। इस सूची में हरभजन सिंह, स्वाति मालीवाल, अशोक मित्तल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी के नाम भी शामिल हैं।

Related posts