दिल्ली में चाकूबाजों का कहर: मोती नगर के DDA पार्क में दो युवकों पर जानलेवा हमला, नाबालिग की मौत, दूसरा AIIMS में भर्ती

देश की राजधानी दिल्ली में रविवार, 9 फरवरी की शाम मोती नगर इलाके में चाकूबाजी की दो सनसनीखेज घटनाओं से हड़कंप मच गया। DDA पार्क के पास हुए इन हमलों में एक नाबालिग छात्र की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज फिलहाल दिल्ली AIIMS के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।

पहली वारदात में 9वीं के छात्र की गई जान
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मोती नगर थाना क्षेत्र में शाम 6 बजकर 37 मिनट पर एक नाबालिग की मौत की सूचना मिली। मृतक की पहचान अमर पार्क, इंद्रलोक निवासी जावेद के रूप में हुई है, जो नौवीं कक्षा का छात्र था। पुलिस ने बताया कि जावेद के दाहिने कंधे के नीचे चाकू से गंभीर वार किया गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दूसरी घटना में युवक की पीठ में घोंपा चाकू
करीब एक घंटे बाद, शाम 7 बजकर 50 मिनट पर दूसरी चाकूबाजी की जानकारी सामने आई। इंद्रलोक में पेट्रोल पंप के पास रहने वाले मोहम्मद दानिश, उम्र करीब 25 साल, की पीठ में चाकू घोंप दिया गया। गंभीर हालत में उसे पहले आचार्य भिक्षु अस्पताल ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज दिल्ली एम्स ट्रॉमा सेंटर में जारी है।

DDA पार्क के पास हुईं दोनों वारदातें
पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाएं DLF मोती नगर के पास स्थित DDA पार्क के आसपास ही हुईं। भले ही दोनों मामलों की जानकारी पुलिस को अलग-अलग समय पर मिली हो, लेकिन शुरुआती जांच में इन्हें एक ही घटनाक्रम से जुड़ा माना जा रहा है।

आपसी रंजिश और विवाद की आशंका
दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में दोनों हमलों के पीछे आपसी विवाद और पुरानी रंजिश की आशंका सामने आ रही है। मामले दर्ज किए जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

CCTV के सहारे आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हमलावर एक था या एक से ज्यादा। CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

Related posts