पंचायत चुनाव में प्रत्याशी उतारेगी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक

फिर अध्यक्ष चुने गए राजा भैया, एक महीने में सभी जिलों में संगठन तैयार करने के दिए निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी पंचायत चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने पार्टी पदाधिकारियों को एक महीने के भीतर सभी जिलों में संगठन तैयार करने के निर्देश दिए। सोमवार को वह पार्टी की वार्षिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों ने उन्हें सर्वसम्मति से एक बार फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना।

लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पार्टी की वार्षिक बैठक को रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में हम शामिल होंगे। इसके लिए सबसे पहले हमें जिला स्तर पर संगठन मजबूती के साथ तैयार करना होगा। पदाधिकारियों से बूथ कमेटियों का गठन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को मुखर होकर आवाज बुलंद करनी होगी।

उन्होंने आगे कहा कि जनप्रतिनिधि का अर्थ है, जनता के बीच रहना । जनप्रतिनिधि जनता का नुमाइंदा होता है। जनप्रतिनिधि का व्यवहार चुनाव के बाद भी बदलना नहीं चाहिए । जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते रहना चाहिए।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। इसके लिए जरूरी है कि गांव स्तर तक संगठन को मजबूत बनाया जाए।

यह भी पढ़ें : मोहब्बत में लगा ताला ! शादीशुदा महिला और युवक ने लगाई फांसी

Related posts