बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत, तीसरा युवक गंभीर

बाराबंकी जिले के घुंघटेर क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी। कुर्सी औद्योगिक क्षेत्र से ड्यूटी कर लौट रहे तीन युवकों की बाइक को पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
घुंघटेर के पीरनगर निवासी कमलेश यादव के बेटे अंकित यादव और उनके छोटे भाई विकास यादव, साथ ही चुलिहापुरवा निवासी सुरेश का बेटा विकास, कुर्सी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक अलमारी फैक्ट्री में काम करते थे। बुधवार रात करीब एक बजे तीनों युवक एक ही बाइक से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे।

पीछे से मारी टक्कर, सड़क पर जा गिरे युवक
निगोहां-बजगहनी मार्ग पर कुर्सी के नहनीपुर के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुंघटेर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंकित और विकास को मृत घोषित कर दिया।

घायल युवक की हालत नाजुक, आरोपी वाहन की तलाश
तीसरे युवक विकास की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। फतेहपुर के सीओ जगतराम कनौजिया ने बताया कि कुर्सी पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार डीसीएम वाहन की तलाश की जा रही है।

Related posts