झारखंड के लोयाबाद थाना क्षेत्र से हनीट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर एक व्यवसायी को जाल में फंसाया गया। आरोपी महिला ने अपने गिरोह के साथ मिलकर पहले कारोबारी को बेहोश किया, फिर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी और लाखों रुपये की वसूली की।
पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में खुलासा हुआ है कि महिला पहले भी इसी तरह के मामलों में जेल जा चुकी है।
सोशल मीडिया पर हुई थी पहचान
जानकारी के मुताबिक सरायढेला निवासी एक व्यवसायी की आरोपी महिला से सोशल मीडिया पर जान-पहचान हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद महिला ने 28 अप्रैल को कारोबारी को मिलने के बहाने लोयाबाद स्थित अपने घर बुलाया।
आरोप है कि वहां पहुंचने पर व्यवसायी को नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया गया। इसके बाद एक युवती को बुलाकर आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो रिकॉर्ड किया गया।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर वसूले लाखों
पुलिस के अनुसार, वीडियो तैयार होने के बाद मामले की कमान गिरोह के अन्य सदस्यों ने संभाल ली। आरोपियों ने व्यवसायी को वीडियो दिखाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और मोटी रकम की मांग शुरू कर दी।
डर और बदनामी के भय से पीड़ित ने आरोपियों को चार लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा उसने अपने गहने भी गिरोह को सौंप दिए। बताया जा रहा है कि आरोपी कुल 10 लाख रुपये की फिरौती मांग रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया संगठित गिरोह
जांच में पुलिस को पता चला है कि यह पूरा मामला एक सुनियोजित हनीट्रैप गैंग से जुड़ा हुआ है। इस गिरोह में कई युवक और युवतियां शामिल हैं, जो सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निशाना बनाते हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला का पति भी इस गिरोह का हिस्सा है। उसके समेत कई अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है और उनकी तलाश जारी है।
पहले भी जेल जा चुकी है आरोपी महिला
लोयाबाद थाना प्रभारी पिंकू प्रसाद ने बताया कि मामला सामने आते ही जांच शुरू कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम जानकारियां मिली हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि महिला पहले भी इसी तरह के हनीट्रैप मामलों में जेल जा चुकी है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
