हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने डॉ. अमरीन कौर से चंडीगढ़ में रचाई शादी, शिमला में होगी भव्य रिसेप्शन

shimla-politics,Vikramaditya Singh Marriage, विक्रमादित्य सिंह, Dr Amreen Kaur, Himachal Pradesh News, Chandigarh News, Vikramaditya Singh, Himachal Pradesh Minister,Chandigarh Wedding,Sikh Wedding Tradition,Raja Virbhadra Singh son,Vikramaditya Singh Amreen Kaur wedding,Himachal News,Public Works Minister Himachal, Punjab News, Chandigarh Sikh Wedding, Himachal Politics, ,Himachal Pradesh news

शिमला। हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और छह बार के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को चंडीगढ़ में डॉ. अमरीन कौर से शादी कर जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत की। विवाह सिख रीति-रिवाजों के अनुसार सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारे में सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस अवसर पर उनके परिवार के करीबी लोग और राजनीतिक हस्तियां शामिल हुईं। डॉ. अमरीन कौर पंजाब विश्विद्यालय में सहायक प्रोफेसर है।

शादी के बाद सोशल मीडिया पर विक्रमादित्य सिंह ने अपने संदेश में कहा कि आज वह डॉ. अमरीन कौर के साथ जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करते हुए विवाह के पावन बंधन में बंध गए हैं। उन्होंने लिखा कि उनके पूज्य पिता राजा वीरभद्र सिंह की अनुपस्थिति हमेशा उनके मन में रहेगी, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा उनके साथ है। उन्होंने हिमाचल के 75 लाख लोगों को अपने परिवार से बढ़कर बताया और सभी से अपनी खुशी में शामिल होने, शुभकामनाएं और आशीर्वाद देने की कामना की।

यह भी पढ़ें : क्या भारत में भारी बारिश के बाद पड़ेगी भीषण ठंड ? मौसम वैज्ञानिकों ने दी ये बड़ी चेतावनी

शादी समारोह बेहद सादगीपूर्ण था। विक्रमादित्य ने गुलाबी शेरवानी और सिर पर नारंगी रंग की पगड़ी पहन रखी थी, जबकि डॉ. अमरीन कौर ने सुनहरे जरीदार लहंगे और दुपट्टे के साथ भारी गहनों में हार, नथ और माथा-पट्टी पहनी थी। वे राजशाही परिवार के पुश्तैनी आभूषणों से भी सजी हुई थीं। विक्रमादित्य की माता प्रतिभा सिंह ने भी साड़ी और पारंपरिक आभूषण पहनकर समारोह में शिरकत की।

शादी में परिवार के करीबी सदस्य, मामा पृथ्वी विक्रम सेन, बहनें और बहनोई सहित अन्य रिश्तेदार मौजूद थे। राजनीतिक हस्तियों में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, मनीष तिवारी, पवन बंसल, विजेंद्र सिंगला, टीएस सिंह देव, रजनी पाटिल, राजीव शुक्ल, आशा कुमारी, राजा बडिंग, प्रताप बाजवा और आरएस बाली शामिल हुए।

गुरुद्वारे में शादी की सभी रस्में अत्यंत सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न हुईं। समारोह में बैंड बाजा, डीजे या शहनाई जैसी भव्य तैयारियों का आयोजन नहीं किया गया। शादी के बाद सभी मेहमान पंचकूला स्थित होटल पहुंचे, जहां लंच का आयोजन किया गया। इसके बाद पूरा परिवार चंडीगढ़ से शिमला लौट आया। देर शाम विक्रमादित्य सिंह के शिमला स्थित आवास हॉलीलॉज में वधु प्रवेश समारोह आयोजित किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : हमारे सुरक्षाबल संगठित रणनीति के तहत लाल आतंक की रीढ़ तोड़ी जा रही है : अमित शाह

जानकारी अनुसार राजधानी शिमला के एक बड़े होटल में 24 सितंबर को रिसेप्शन रखा गया है, जिसमें सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक, अधिकारी और रिश्तेदार शामिल होंगे। अष्टमी के दिन विक्रमादित्य नववधु के साथ रामपुर स्थित पदम पैलेस जाएंगे और वहां भी पूजा-अर्चना करेंगे।

बता दें कि विक्रमादित्य सिंह ने साल 2013 में राजनीति में कदम रखा और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने। 2017 में शिमला ग्रामीण से पहली बार विधायक चुने गए और 2022 में दोबारा इसी सीट से जीत हासिल की। वर्तमान में वे लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास विभाग के मंत्री हैं। उनकी माता प्रतिभा सिंह प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को परिणय सूत्र में बंधने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं हैं।मुख्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़े के खुशहाल, प्रेम और आपसी सम्मान से भरे दांपत्य जीवन की कामना की है।

यह भी पढ़ें : फ्रांस की प्रथम महिला ब्रिगिट को महिला साबित करने को वैज्ञानिक सबूत पेश करेंगे राष्ट्रपति मैक्रों

Related posts