वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की सुरक्षा व्यवस्था दुनिया की सबसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं में गिनी जाती है। इसके बावजूद कई मौकों पर हालात ऐसे बने जब उन्हें आम रास्ते से हटकर बेहद असामान्य तरीके से सुरक्षित स्थान तक ले जाना पड़ा। कभी एयरपोर्ट पर कैटरिंग ट्रक का सहारा लेना पड़ा, तो कभी प्रदर्शनकारियों से बचने के लिए होटल की पिछली दीवार पार करनी पड़ी। एक घटना में उन्हें व्हाइट हाउस के नीचे बने सुरक्षित बंकर में भी पहुंचाया गया। आइए जानते हैं ऐसे ही पांच मौकों के बारे में।
कैटरिंग ट्रक में बैठाकर एयरपोर्ट से निकाला गया
ईरान की ओर से हत्या की धमकियों और खुफिया एजेंसियों की चेतावनियों के बीच तुर्किए में ट्रंप की सुरक्षा टीम ने बेहद गोपनीय योजना बनाई थी। नाटो सम्मेलन के बाद ट्रंप पत्रकारों के सामने अपने बोइंग 747 विमान में सवार हुए। लेकिन मीडिया की नजर हटते ही उन्हें विमान से उतारकर एयरपोर्ट के एक कैटरिंग ट्रक में बैठा दिया गया।
ट्रक के जरिए ट्रंप को एयरपोर्ट के दूसरे हिस्से में ले जाया गया। वहां से उन्होंने सी-32ए विमान से ब्रिटेन के लिए उड़ान भरी। इस दौरान पत्रकारों से भरा बोइंग 747 विमान भी एक तरह से भ्रम पैदा करने के लिए उड़ाया गया, ताकि ट्रंप की वास्तविक यात्रा की जानकारी बाहर न जा सके।
प्रदर्शनकारियों के बीच होटल की दीवार फांदकर पहुंचे
अप्रैल 2016 में सैन फ्रांसिस्को के पास हयात रीजेंसी होटल में कैलिफोर्निया रिपब्लिकन कन्वेंशन का आयोजन था। उस दौरान होटल के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हो गए थे और मुख्य रास्ता बाधित कर दिया था। हालात को देखते हुए ट्रंप का काफिला हाईवे से हट गया।
इसके बाद ट्रंप को होटल के पिछले हिस्से से प्रवेश कराने की व्यवस्था की गई। उन्हें एक नीची दीवार और बाड़ पार करके अंदर जाना पड़ा। इस पूरी घटना को हेलीकॉप्टर के कैमरे ने रिकॉर्ड किया था। बाद में ट्रंप ने खुद भी इस असामान्य प्रवेश को लेकर टिप्पणी की थी।
व्हाइट हाउस के नीचे बने बंकर में पहुंचे ट्रंप
मई 2020 में जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद अमेरिका के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन चल रहे थे। प्रदर्शनकारी व्हाइट हाउस के आसपास तक पहुंच गए थे और बैरिकेड्स पर सामान फेंक रहे थे। स्थिति को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मानते हुए सीक्रेट सर्विस ने ट्रंप को व्हाइट हाउस के नीचे बने अत्यधिक सुरक्षित भूमिगत बंकर में पहुंचा दिया।
ट्रंप करीब एक घंटे तक वहां रहे। इस घटना के बाद उनकी आलोचना भी हुई थी। हालांकि ट्रंप ने बाद में कहा था कि वह बंकर में केवल निरीक्षण के लिए गए थे।
गोल्फ क्लब से तेज रफ्तार गोल्फ कार्ट में निकाला गया
सितंबर 2024 में वेस्ट पाम बीच के गोल्फ क्लब में ट्रंप गोल्फ खेल रहे थे। इसी दौरान सीक्रेट सर्विस के एक एजेंट ने झाड़ियों के बीच राइफल की नली देखी। सुरक्षा एजेंटों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध हमलावर पर गोली चलाई और ट्रंप को चारों तरफ से सुरक्षा घेरे में ले लिया।
इसके बाद ट्रंप को वहां से निकालने के लिए एक विशेष बख्तरबंद गोल्फ कार्ट का इस्तेमाल किया गया। उन्हें तेज रफ्तार से सुरक्षित क्लबहाउस तक पहुंचाया गया।
मीडिया को चकमा देकर परिवार के साथ डिनर पर निकले
2016 में चुनाव जीतने के बाद ट्रंप लगातार मीडिया की निगरानी में रहते थे। एक शाम उनकी टीम ने पत्रकारों को जानकारी दी कि ट्रंप रात भर बाहर नहीं जाएंगे। लेकिन इसके कुछ समय बाद ट्रंप अपने परिवार के साथ बिना मीडिया को बताए मिडटाउन मैनहट्टन के प्रसिद्ध 21 क्लब रेस्टोरेंट में डिनर के लिए निकल गए।
मीडिया को जब इसकी जानकारी मिली तो अफरातफरी की स्थिति बन गई। इसके बाद व्हाइट हाउस प्रेस एसोसिएशन ने राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था और मीडिया को दी जाने वाली जानकारी को लेकर चिंता जताई थी।
