आसमान से बरस रही आग! कई राज्यों में 47 डिग्री के पार पहुंचा पारा, IMD ने जारी किया Heatwave का रेड और ऑरेंज अलर्ट

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार जारी है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और पश्चिम भारत तक तापमान खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। सोमवार को उत्तर प्रदेश का बांदा और महाराष्ट्र का ब्रह्मपुरी 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश के सबसे गर्म इलाके रहे।

मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी क्षेत्रों में जब अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाता है तो उसे लू की श्रेणी में रखा जाता है, जबकि 47 डिग्री से ज्यादा तापमान को भीषण लू माना जाता है।

उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप, बांदा सबसे गर्म

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। बांदा में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा झांसी में 46 डिग्री, उरई में 45.8 डिग्री, आगरा में 45.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.4 डिग्री और हमीरपुर में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

आईएमडी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी दिन के समय गर्म हवाएं चलने और रात में उमस भरी गर्मी बने रहने का अनुमान है।

सरकार ने जारी की एडवाइजरी

उत्तर प्रदेश सरकार ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही हल्के कपड़े पहनने, पर्याप्त पानी पीने और मौसमी फल व तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

महाराष्ट्र के विदर्भ में ऑरेंज अलर्ट

महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। ब्रह्मपुरी में 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा है। नागपुर में 46.5 डिग्री, गढ़चिरौली और भंडारा में 46.4 डिग्री, गोंदिया में 46.1 डिग्री और अकोला में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग ने विदर्भ क्षेत्र में अगले दो दिनों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है, जबकि 28 मई तक ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा।

राजस्थान, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी तपिश चरम पर

राजस्थान में कोटा 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे गर्म शहर रहा। चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में 45 डिग्री, पिलानी में 44.5 डिग्री, अलवर में 44.4 डिग्री और जैसलमेर में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

हरियाणा के सिरसा में 46.2 डिग्री और रोहतक में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ओडिशा में रेड अलर्ट, कई शहरों में 45 डिग्री के पार तापमान

ओडिशा में भी गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। बौध में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि टिटलागढ़ में 45.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। भवानीपटना और नुआपाड़ा में 44.5 डिग्री, झारसुगुड़ा में 44.4 डिग्री और संबलपुर व बलांगीर में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने संबलपुर, बलांगीर और बौध जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं झारसुगुड़ा, सोनपुर, कालाहांडी और नुआपाड़ा में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।

29 मई के बाद मिल सकती है राहत

आईएमडी के अनुसार अगले 4 से 5 दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण लू की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं पूर्वी और प्रायद्वीपीय भारत के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर जारी रहेगा। हालांकि मौसम विभाग ने 29 मई के बाद तापमान में गिरावट और लू से राहत मिलने की संभावना जताई है।

Related posts