बाराबंकी: दिल्ली से बिहार के लिए रवाना हुई एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर बाराबंकी में पलट गई। हादसे में करीब 14 यात्रियों को चोटें आई हैं। जानकारी के मुताबिक, बस का संतुलन अचानक बिगड़ने के कारण यह घटना हुई। दुर्घटना के समय बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन घायलों को इलाज के लिए तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
बस हादसे के बाद मचा अफरा-तफरी
बताया गया कि प्राइवेट बस हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलटी। बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर बिहार के मधुबनी की ओर जा रही थी। सड़क पर पलटते ही अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी हैदरगढ़ में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, हादसा बस के अनियंत्रित होने की वजह से हुआ। कई घंटों की मशक्कत के बाद बस को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया। घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायलों के नाम और उम्र
घायलों में दयानंद पासवान (29), रूपा देवी (33), ईशा कुमारी (30), आरव कुमार (7), मयंक कुमार (2), शत्रुघ्न पासवान (40), निशा चौधरी (32), अशोक कुमार (38), गुड़िया देवी (35), लकी कुमार (15), रोशन कुमार (24), संतोष ठाकुर (32), बिमला देवी और लुखिया देवी शामिल हैं। पुलिस ने यात्रियों से लंबी दूरी की यात्रा में सतर्क रहने की अपील की है और वाहन चालकों को सुरक्षित गति से वाहन चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
पीलीभीत में कंटेनर से बाइक सवार दंपति की मौत
वहीं, पीलीभीत जिले के दियूरिया कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपति की मौत हो गई। प्रेम कुमार उर्फ नन्हे (35) और उनकी पत्नी लौंगश्री (30) पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के पिपरिया दुलई गांव में अपने किसी रिश्तेदार की मौत पर संवेदना प्रकट कर घर लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, शाम लगभग पांच बजे खुटार की ओर से तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि दोनों पति-पत्नी मौके पर ही दम तोड़ गए।
