मथुरा में BJP नेता पर देर रात जानलेवा हमला, हथियारबंद हमलावरों की फायरिंग से दहशत

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई जब भारतीय जनता पार्टी नेता दान बिहारी चौधरी पर सरेआम हमला कर दिया गया। घटना थाना बरसाना क्षेत्र के नंदगांव की है, जहां हथियारों से लैस बदमाशों ने उनके घर में घुसकर फायरिंग और तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया। हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

घर में घुसकर मारपीट और फायरिंग
जानकारी के मुताबिक दिवाका थोक स्थित आवास पर पहुंचे हमलावरों ने न सिर्फ दान बिहारी चौधरी के साथ मारपीट की बल्कि गोलियां भी चलाईं। इस हमले में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित नेता का कहना है कि हमलावर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों से लैस थे और उन्होंने घर में मौजूद महिलाओं और बच्चों के साथ भी अभद्रता करते हुए उत्पात मचाया।

40 से ज्यादा हमलावरों का आरोप
दान बिहारी चौधरी ने दावा किया कि करीब 40 से अधिक लोगों ने उन पर हमला बोला, जिसके बाद उन्हें अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। हमलावरों ने उनके भतीजे श्याम, उनकी पत्नी स्वदेश और कुलदीप को मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही घर के बाहर खड़ी उनकी गाड़ियों पर कुल्हाड़ियों से वार कर उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

नामजद तहरीर, गिरफ्तारी के लिए टीम गठित
पीड़ित पक्ष की ओर से नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि दान बिहारी चौधरी प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण के करीबी समर्थक हैं।

Related posts