इस्लामाबाद: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर खूनखराबे की बड़ी वारदात सामने आई है। हरनाई जिले के शहराग इलाके में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने दिनदहाड़े लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बंदूकधारियों ने शेख मूसा बाबा चौक के पास अस्थायी चौकी बना रखी थी। वहां से गुजरने वाले लोगों के कम्प्यूटरीकृत राष्ट्रीय पहचान पत्र यानी CNIC की जांच की जा रही थी। इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का विरोध किया, जिसके बाद विवाद तेजी से बढ़ गया।
विरोध के बाद बरसाईं गोलियां
बताया जा रहा है कि बहस बढ़ने के बाद हथियारबंद हमलावरों ने भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। फायरिंग इतनी तेज थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान जमान शाह, जिया-उल-हक, अब्दुल काहिर, जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम के नेता मौलवी जाहिद शाह और इकरामुल्लाह शाह के रूप में हुई है। वहीं घायल लोगों में नासिर शाह, मुल्ला समद और साकिब शाह शामिल बताए गए हैं।
कराची में नवविवाहित जोड़े की हत्या से भी सनसनी
इस घटना से पहले कराची में भी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी, जहां नवविवाहित दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया कि दोनों अदालत से अपनी शादी को कानूनी मान्यता दिलाने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उनकी कार का पीछा किया और सऊदाबाद इलाके में आरसीडी मैदान के पास उन्हें रोककर गोलियों से भून दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमले में पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में महिला के परिजनों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
परिवार के विरोध के बावजूद की थी शादी
जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर शादी की थी। उसने अदालत में बयान देकर कहा था कि उसने अपनी मर्जी से निकाह किया है। दंपती ने अदालत में निकाहनामा भी पेश किया था ताकि विवाह को कानूनी मान्यता मिल सके।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में महिला के रिश्तेदारों की भूमिका सामने आई है और संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
