Bigg Boss 20: फैमिली वीक में स्काउट से मिलने नहीं जाएंगी काशवी हीरानंदानी, बोलीं- अब किसी विवाद में नहीं पड़ना

मुंबई: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में जल्द ही फैमिली वीक शुरू होने वाला है, लेकिन स्काउट यानी तन्मय सिंह के फैन्स के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। स्काउट की गर्लफ्रेंड काशवी हीरानंदानी ने साफ कर दिया है कि वह फैमिली वीक के दौरान ‘बिग बॉस 20’ के घर में उनसे मिलने नहीं जाएंगी।

काशवी ने एक लाइवस्ट्रीम के दौरान फैन्स के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि वह इस न्योते को पहले ही ठुकरा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वह अब किसी भी तरह की परेशानी या विवाद का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं और अपनी जिंदगी में शांति से रहना चाहती हैं।

काशवी ने बताई शो में नहीं जाने की वजह

लाइवस्ट्रीम में जब फैन्स ने काशवी से पूछा कि क्या वह स्काउट को सपोर्ट करने के लिए ‘बिग बॉस 20’ में जाएंगी, तो उन्होंने इससे साफ इनकार कर दिया। काशवी ने बताया कि मेकर्स की ओर से मिले निमंत्रण को उन्होंने काफी पहले ही मना कर दिया था।

उन्होंने कहा कि अब वह किसी भी तरह की ‘प्रॉब्लमैटिक’ स्थिति में नहीं पड़ना चाहतीं। काशवी ने यह भी बताया कि पिछली बार जब वह शो के मंच पर पहुंची थीं, तब उन्होंने यह फैसला अपने माता-पिता की इच्छा के खिलाफ जाकर लिया था। बाद में उन्होंने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी थी। इस बार वह परिवार की बात के खिलाफ नहीं जाना चाहतीं।

स्काउट से मिलने के लिए माता-पिता या रोहित भाई को भेजने की सलाह

काशवी ने कहा कि अगर स्काउट से मिलने और उन्हें बाहर की स्थिति के बारे में जानकारी देने की जरूरत है तो उनके माता-पिता या रोहित भाई घर के अंदर जा सकते हैं। उनका मानना है कि वे स्काउट को बेहतर तरीके से अपनी बात समझा पाएंगे।

फैन्स के बार-बार सवाल पूछने के बाद भी काशवी अपने फैसले पर कायम रहीं और उन्होंने साफ कर दिया कि वह इस बार शो से दूरी बनाए रखना चाहती हैं।

पिछली बार स्टेज पर मचा था विवाद

बता दें कि इससे पहले काशवी ‘बिग बॉस 20’ के मंच पर नजर आई थीं, जहां उनका एपिसोड काफी चर्चा में रहा था। होस्ट रोहित शेट्टी के सामने काशवी ने स्काउट और को-कंटेस्टेंट लव गिल की बढ़ती नजदीकियों पर नाराजगी जाहिर की थी।

उन्होंने लव गिल को स्काउट से दूरी बनाए रखने की सलाह दी थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर काफी बहस शुरू हो गई थी। इस दौरान काशवी को अपनी कुछ बातों को लेकर ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ा था और बाद में उन्होंने माफी भी मांगी थी। इसी अनुभव के बाद अब उन्होंने फैमिली वीक में शो के अंदर जाने से इनकार करने का फैसला किया है।

 

Related posts