NEET पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में खामियों को लेकर घेराव; केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर करोड़ों युवाओं के बीच तेजी से चर्चा में आई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) आज डिजिटल दुनिया से निकलकर दिल्ली की सड़कों पर उतर आई। देश की राजधानी के ऐतिहासिक प्रदर्शन स्थल, जंतर-मंतर पर आज सीजेपी के बैनर तले हजारों युवाओं ने एक बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
क्यों हो रहा है प्रदर्शन?
हाल ही में देश में हुए NEET-UG परीक्षा विवाद, कथित पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था में आ रही लगातार खामियों के खिलाफ युवाओं का यह गुस्सा फूटा है। प्रदर्शन का नेतृत्व करने विदेश से भारत लौटे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा,
“कॉकरोच किसी से डरते नहीं हैं और देश का युवा भी अब चुप नहीं बैठेगा।”
आंदोलनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन को पर्यावरणविद सोनम वांगचुक और कई सामाजिक संगठनों का भी नैतिक समर्थन मिला है।
भारी सुरक्षा बल तैनात, प्रशासन अलर्ट
हजारों की तादाद में युवाओं के जुटने की पूर्व सूचना के बाद दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों को जंतर-मंतर और उसके आस-पास के रास्तों पर तैनात किया गया था। चप्पे-चप्पे पर बैरिकेडिंग की गई थी ताकि कानून-व्यवस्था न बिगड़े। पुलिस के आला अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जा रहा है, लेकिन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
सोशल मीडिया के मज़ाक से खड़ा हुआ जमीनी आंदोलन
गौरतलब है कि पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान युवाओं को लेकर की गई एक टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर एक व्यंग्यात्मक (Satirical) रूप में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत हुई थी। महज कुछ ही दिनों में इसके इंस्टाग्राम पर 2.2 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए। आलोचकों द्वारा इसे विपक्षी दलों का ‘टूलकिट’ बताए जाने के दावों के बीच, आज युवाओं की इस भारी भीड़ ने साबित कर दिया है कि रोजगार और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली को लेकर देश के युवाओं में गहरी नाराजगी है।
