बोले सपा मुखिया, मतदाता सूची के कई पन्ने पढ़ने में नहीं आ रहे
पूछा, कितने ईआरओ पीडीए समाज के लगाए गए
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि ये इमोशन पर सरकार चला रहे हैं। नए-नए इमोशनल मुद्दे ढूढ लाते हैं। वर्ष 2027 में विधान सभा चुनाव होने हैं और सरकार अभी से बेईमानी पर उतर आई है। सरकार बताए पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समाज के कितने ईआरओ (निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी) लगाए गए हैं। प्रदेश सरकार वर्ष 2027 के चुनाव से 427 दिन पहले ही गड़बड़ी में जुट गई है।
सपा प्रमुख चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची जो दी गई है उसके कई पन्ने पढ़ने में नहीं आ रहे हैं ।पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा अध्यक्ष ने कहा, अयोध्या में जो मतदाता सूचीदी गई है वो भी पढ़ने में नहीं आ रही है।
यह भी पढ़ें : फरीदाबाद से विस्फोटक बरामदगी : संदिग्ध आतंकी गतिविधियों में डॉक्टर शाहीन शाहिद गिरफ्तार
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि एसआइआर में आधार कार्ड मान्य कराने के लिए सपा सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। संविधान और लोकतंत्र बचाने की जिम्मेदारी बहुत बड़ी है। पीडीए का एक वोट न कट जाए और बेईमानी न हो इसके लिए संघर्ष करेंगे।कानपुर के अखिलेश दुबे को लेकर सपा प्रमुख ने कहा- जब सच्चाई सामने आएगी तो कई अधिकारी भी फंस जाएंगे। सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बर्बाद कर दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी जल जीवन मिशन में पानी नहीं, बजट बह रहा है।
खजांची का मनाया नवां जन्मदिन
वर्ष 2016 में नोटबंदी के दौरान कानपुर देहात में बैंक की लाइन में पैदा हुए खजांची का सोमवार को सपा मुख्यालय पर जन्मदिन मनाया गया। वह नौ वर्ष का हो गया है। अखिलेश हर वर्ष उसका जन्मदिन मनाते हैं। जन्मदिन के तोहफे में अखिलेश ने खुद भी पैसे दिए और चाचा शिवपाल समेत अन्य सपा नेताओं से भी दिलवाए। सपा अध्यक्ष ने नोटबंदी की दुश्वारियों को याद कर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि खजांची का जन्मदिन तब तक मनाएंगे जब तक भाजपा की सरकार चली नहीं जाती है।
यह भी पढ़ें : यूपी के स्कूलों में वंदेमातरम का गायन होगा अनिवार्य: योगी
