20 दिन के अनशन के बाद पुलिस ने सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचाया, जंतर-मंतर खाली कराया; भारी सुरक्षा बल तैनात

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे इंजीनियर और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी लगातार बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। इसके साथ ही जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों को भी हटाया गया और पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह कदम दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के आधार पर उठाया गया। पुलिस ने बताया कि वांगचुक की तबीयत लगातार खराब हो रही थी, इसलिए उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

सुबह की कार्रवाई से पहले हुई थी वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम दिल्ली पुलिस मुख्यालय में नए पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने नई दिल्ली जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसके बाद शनिवार सुबह पुलिस ने जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक को अस्पताल पहुंचाया। मौके पर नई दिल्ली जिले के डीसीपी सचिन शर्मा और संयुक्त पुलिस आयुक्त दीपक पुरोहित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

20 जुलाई के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भी बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रदर्शनकारियों की ओर से 20 जुलाई को बड़े प्रदर्शन की चेतावनी दी गई थी। इसी अवधि में संसद का मानसून सत्र भी शुरू होना है। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

इस बीच कुछ प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि पुलिस सोनम वांगचुक को उस समय अस्पताल लेकर गई, जब उनके सहयोगी अभिजीत दिपके शौचालय गए हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने यह आरोप भी लगाया कि पुलिसकर्मी डॉक्टरों के कपड़े पहनकर मौके पर पहुंचे थे। हालांकि, इस संबंध में दिल्ली पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से की अपील

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि हाई कोर्ट के आदेशों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक को आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने का प्रयास किया, जिससे थोड़ी देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने संयम बरतते हुए पूरी प्रक्रिया सुरक्षित ढंग से पूरी की।

पुलिस ने जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से धरनास्थल खाली करने की भी अपील की है।

सफदरजंग अस्पताल में चल रहा इलाज

दिल्ली पुलिस ने बताया कि सोनम वांगचुक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत लंबे समय से जारी भूख हड़ताल के कारण लगातार बिगड़ रही थी। इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी नियमित चिकित्सकीय जांच और जरूरत पड़ने पर तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए थे।

सोनम वांगचुक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे।

 

Related posts