गौतमबुद्धनगर: भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए गौतमबुद्धनगर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें हीट वेव से निपटने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को समन्वित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से साफ किया गया कि शासन के निर्देशानुसार तैयार किया गया सिटी हीट एक्शन प्लान जनपद में प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा।
अस्पतालों में 24 घंटे डॉक्टर और दवाएं उपलब्ध रखने के निर्देश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में दवाएं, ओआरएस और अन्य जरूरी तरल पदार्थ उपलब्ध रखने को कहा गया। 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सन स्ट्रोक और लू से बचाव को लेकर बड़े स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
बस अड्डों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष व्यवस्था
परिवहन विभाग को बस अड्डों पर यात्रियों के लिए छाया और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को स्कूलों में पेयजल, पंखे और बिजली की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ छात्रों को हीट वेव से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
नगर निकाय और पंचायती राज विभाग को सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ, कूलिंग सेंटर और ठंडे पानी की व्यवस्था संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्माण स्थलों पर दोपहर में काम रोकने की सलाह
जिलाधिकारी ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर कार्यरत मजदूरों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की जाए।
उन्होंने कहा कि दोपहर के समय श्रमिकों से काम न कराया जाए और इस समय को विश्राम एवं भोजन के लिए निर्धारित किया जाए।
इसके अलावा कार्यस्थलों पर ठंडे पेयजल, छाया और ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
रेड लाइट चौराहों पर लगेगी ग्रीन मैट
भीषण गर्मी से दोपहिया वाहन चालकों को राहत देने के लिए जिलाधिकारी ने रेड लाइट चौराहों पर छायादार ग्रीन मैट लगाने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने और सभी संसाधनों को सक्रिय रखने को कहा गया।
गैस पाइपलाइन सुरक्षा को लेकर भी समीक्षा
बैठक में गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से प्राकृतिक गैस पाइपलाइन सुरक्षा को लेकर पावर प्रेजेंटेशन भी दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गैस पाइपलाइन नेटवर्क की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए और पाइपलाइन के आसपास किसी भी तरह की अवैध खुदाई या निर्माण गतिविधि को रोका जाए।
उन्होंने इस संबंध में आम लोगों को भी जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे, डिप्टी सीएमओ डॉ. टीकम सिंह, सहायक श्रम आयुक्त सुयश पांडे समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने तीनों प्राधिकरणों से किसी एसीईओ के बैठक में शामिल न होने पर नाराजगी भी जताई।
