गाजीपुर : जिले के चर्चित विनीत राय हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद को पुलिस ने बुधवार देर शाम मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की गोली लगने से स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। सूचना के आधार पर कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास घेराबंदी की गई, जहां आरोपी को रोकने का प्रयास किया गया।
आत्मसमर्पण के बजाय पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घेराबंदी के दौरान कमलेश चौधरी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विनीत राय हत्याकांड में था नामजद आरोपी
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
गौरतलब है कि विनीत राय, शहर के बिंदु होटल के मालिक आलोक राय उर्फ डब्लू के पुत्र थे। उनके हत्याकांड के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
मुठभेड़ के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस मुठभेड़ की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करते रहे। पुलिस पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
