बैतूल में आंधी-तूफान के बीच भीषण आग से मची तबाही, 10 मकान जलकर खाक; मवेशी झुलसे, 5 बाइक भी राख

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में शनिवार शाम आए आंधी-तूफान के बीच भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। भैंसदेही तहसील के ग्राम पंचायत बाशिंदा अंतर्गत बर्राढाना गांव में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और करीब आधे घंटे के भीतर 10 मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घरों में रखा अनाज, नकदी, घरेलू सामान और 5 मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं। वहीं दर्जन भर मवेशी भी गंभीर रूप से झुलस गए।

स्थानीय ग्रामीणों की घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

तेज हवाओं ने आग को बनाया विकराल

जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 6 बजे पूरे इलाके में तेज आंधी-तूफान शुरू हुआ था। इसी दौरान बर्राढाना गांव के एक घर में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के कई मकानों तक पहुंच गई।

ग्राम पंचायत बाशिंदा के सरपंच धन्नू धुर्वे ने बताया कि आग की चपेट में आने से घरों में रखे करीब पांच गैस सिलेंडर भी फट गए, जिससे हालात और भयावह हो गए।

200 ग्रामीणों ने मिलकर पाया काबू

आग लगने के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। करीब 200 ग्रामीणों ने स्थानीय संसाधनों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की। ग्रामीण कुओं और हैंडपंपों से पानी लाकर आग पर काबू पाने में जुटे रहे।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया, लेकिन तब तक 10 परिवारों की गृहस्थी पूरी तरह तबाह हो चुकी थी।

दर्जन भर मवेशी झुलसे

आगजनी की इस घटना में कई मवेशी भी इसकी चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि करीब दर्जन भर पशु गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक फायर ब्रिगेड घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी थी।

प्रशासन ने राहत के दिए निर्देश

भैंसदेही एसडीएम अजीत मरावी ने बताया कि कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर प्रभावित परिवारों के लिए राहत और जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पीड़ितों को राशन समेत अन्य आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नुकसान का आकलन कर आरबीसी 6(4) के तहत राहत राशि देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

नुकसान का आकलन जारी

मोहदा थाना क्षेत्र के एसआई रामस्वरूप रघुवंशी समेत प्रशासनिक अमला मौके पर मौजूद रहा। फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है।

प्रशासन की जांच और सर्वे के बाद ही वास्तविक नुकसान का पूरा आकलन हो सकेगा।

Related posts