लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम अब राहत की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और पश्चिम बंगाल की ओर से आने वाली हवाओं का रुख भूमध्य रेखा की तरफ होने से नमी की निरंतरता टूट गई है। इसका असर यह है कि प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम साफ रहने की संभावना है और बारिश के कोई आसार नहीं हैं। दिन के समय धूप निकलने से ठंड से राहत महसूस की जाएगी।
शाम को बढ़ेगी गलन, रात में हल्का कोहरा संभव
हालांकि राहत पूरी तरह नहीं मिलेगी। सूर्यास्त के बाद मौसम में गलन बढ़ेगी और रात के समय हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार नौ फरवरी से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है और बारिश व बर्फबारी का दौर शुरू होने की संभावना है।
आज कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम
आज यानी सात फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। लखनऊ, कानपुर, इटावा, फिरोजाबाद, आगरा, मैनपुरी, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़ समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलेंगी, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट और मौसम सुहावना बना रहेगा।
इन जिलों में रह सकता है हल्का कोहरा
पीलीभीत, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बदायूं और बरेली जैसे जिलों में रात के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत और शामली जैसे इलाकों में कोहरा छाने के आसार नहीं हैं। यहां सुबह के समय गलन वाली सर्दी रह सकती है, लेकिन दिन में धूप राहत देगी।
कानपुर में बदला मौसम का मिजाज
बीते दिनों बारिश और कोहरे के बाद कानपुर के मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार को कानपुर प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो गुरुवार के मुकाबले 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। दिन का अधिकतम तापमान कानपुर वायु सेना स्टेशन के पास दर्ज किया गया।
प्रदेश के तापमान का हाल
प्रदेश में सबसे गर्म शहर वाराणसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। झांसी 24.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं कानपुर वायु सेना स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश की पांचवीं सबसे ठंडी रात रही। सबसे कम न्यूनतम तापमान बरेली में 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद हरदोई में 8.5, आगरा में 9 और लखनऊ में भी 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
आने वाले दिनों को लेकर मौसम विशेषज्ञ की राय
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल तेज हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। सुबह और रात के समय कुछ स्थानों पर कोहरा पड़ सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की स्थिति में है, जो फिलहाल ईरान के आसपास है। इसके हिमालयी क्षेत्र में पहुंचने के बाद मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल किसानों को सिंचाई रोकने की सलाह दी गई है।
