भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना
लखनऊ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर दोहराया कि इंडिया गठबंधन एकजुट है और मिलकर यूपी विधानसभा का चुनाव लड़ेगा। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना भी साधा।
प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में पसमांदा मुस्लिम समाज की बैठक के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने केंद्र की 11 साल की और प्रदेश की 9 साल कुल मिलाकर 20 साल की सरकार ने मिलकर कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया है।
भाजपा सरकार ने बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा व्यवस्था सब बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कुशासन, अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के खिलाफ पीडीए एकजुट है। यह पीडीए एक भावनात्मक गठबंधन है।
दवा के नाम पर कोयले का घोल पिलाया जा रहा’
अखिलेश यादव ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मरीजों को दवा के नाम पर कोयले का घोल पिलाया जा रहा है और गलत इंजेक्शन से मौतें हो रही हैं। सपा मुखिया ने बुनकरों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बुनकरों को आधुनिक सुविधाएं मिलनी चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री को बुनकरों की समस्याओं की समझ नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी बुनकरों की समस्याओं का समाधान करेगी।
‘योगी सरकार में आंतरिक टकराव’
अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए आंतरिक टकराव की बात कही। कहा- ‘पहले डिप्टी सीएम और आउटगोइंग सीएम के बीच टकराव था, अब तो सब एक-दूसरे से टकरा रहे हैं। कोई कूटा जा रहा है और जो मौजूदा सीएम हैं, वो खुद जा रहे हैं। भाजपा वाले पीडीए को न्याय नही देने दे रहे हैं।’
यह भी पढ़ें : योगी सरकार कानपुर को बना रही है इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण का हब