‘अब अयोध्या में रामभक्तों पर नहीं चलेंगी गोलियां, जय श्रीराम बोलने पर कोई लाठी नहीं चला सकेगा’, बोले सीएम योगी

अयोध्या: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी और जय श्रीराम बोलने पर किसी को लाठी-डंडे मारने की अनुमति नहीं होगी। पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा पर भी कोई प्रतिबंध नहीं लगा सकेगा। उन्होंने कहा कि अयोध्या की पवित्रता, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। रामघाट हाल्ट के पास निषाद बस्ती में आयोजित दीपावली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और मर्यादित अयोध्या बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने निषाद समाज, नाविकों, माझियों, सफाई कर्मियों और स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पार्षदों को सम्मानित किया। उन्होंने सभी को दीपावली के उपहार भी भेंट किए। योगी ने कहा कि दीपोत्सव के सफल आयोजन के बाद वह स्वयं लोगों के बीच उनका आभार जताने पहुंचे हैं।

दीपोत्सव के बाद भी घाटों की स्वच्छता देखकर सीएम ने की सराहना

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के दौरान सफाई कर्मियों के योगदान की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आयोजन में 30 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित हुए और देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही। इसके बावजूद अगली सुबह सभी घाट साफ और व्यवस्थित दिखाई दिए। कहीं गंदगी या अव्यवस्था नजर नहीं आई।

योगी ने कहा कि दीपोत्सव में देश-दुनिया और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे थे। सुबह सड़कों पर युवाओं के समूह हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि के दर्शन के लिए जाते दिखाई दिए। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने के बाद भी स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखना सराहनीय है। उन्होंने इस कार्य में जुटे सभी सफाई कर्मियों का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी शहर या गांव की पहचान वहां की स्वच्छता और व्यवस्था से बनती है। अयोध्या के लोग जब बाहर जाएं तो गर्व से कह सकें कि वे रामनगरी से आए हैं। इसके लिए जरूरी है कि शहर साफ-सुथरा और व्यवस्थित रहे। अयोध्या की प्रतिष्ठा बनाए रखना सभी नागरिकों का दायित्व है।

सरयू आरती के दौरान नाविकों और निषाद समाज के योगदान को सराहा

योगी आदित्यनाथ ने सरयू आरती के दौरान नाविकों और माझियों की सक्रिय भूमिका की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हर शनिवार-रविवार, अमावस्या, पूर्णिमा और प्रमुख त्योहारों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरयू तट पहुंचते हैं। यहां लोग स्नान करते हैं, धार्मिक गतिविधियों में हिस्सा लेते हैं और अपनी आस्था व्यक्त करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटों पर कई बार फिसलन जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। ऐसे में नाविकों, माझियों और निषाद समाज के लोग जिस जिम्मेदारी के साथ अपना योगदान देते हैं, वह अभिनंदनीय है। उन्होंने कहा कि इन लोगों की सेवाओं को सम्मान देने और उनका आभार जताने के लिए ही वह यहां पहुंचे हैं।

निषादराज, माता शबरी और वानर-भालुओं के सहयोग का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि निषादराज, माता शबरी, वानरों और भालुओं के सहयोग से भगवान राम ने राक्षसी शक्तियों के खिलाफ मोर्चाबंदी की थी। उनके मुताबिक, सभी के सहयोग से मिली विजय के बाद जब भगवान श्रीराम अयोध्या लौटे तो उनके स्वागत में पूरे भारतवर्ष में दीप जलाए गए।

योगी ने कहा कि हजारों वर्ष पुरानी परंपराओं और घटनाओं की स्मृति को हमारे ऋषियों, पूर्वजों और संतों ने त्योहारों के माध्यम से जीवित रखा है। दीपावली, होली, रक्षाबंधन, विजयादशमी, रामनवमी, विवाह पंचमी और अयोध्या का झूला मेला इसी सांस्कृतिक विरासत के उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि आज देश और दुनिया के लोग अयोध्या को श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करते हैं।

नई अयोध्या के निर्माण में हर वर्ग का योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या का मौजूदा स्वरूप किसी एक व्यक्ति या वर्ग के प्रयास का परिणाम नहीं है। इसके निर्माण और विकास में हर नागरिक ने किसी न किसी रूप में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार निर्माण कार्य करा सकती है, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को सुरक्षित रखना और विकास की विरासत को आगे बढ़ाना स्थानीय लोगों की भी जिम्मेदारी है।

योगी ने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि सरकार किसी स्थान पर निर्माण कराए और अगले ही दिन कोई व्यक्ति वहां से पत्थर उखाड़कर ले जाए तो उस नुकसान की भरपाई कौन करेगा? इसलिए विकास कार्यों के साथ सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज की अयोध्या त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करती है और आने वाली पीढ़ियां इसके निर्माण में योगदान देने वाले लोगों को याद करेंगी।

‘अयोध्या पर किसी मंथरा और मारीच की कुदृष्टि न पड़े’

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे संकल्प लें कि आने वाले समय में अयोध्या पर किसी मंथरा या मारीच की कुदृष्टि न पड़े। उन्होंने कहा कि अयोध्या के वैभव को नुकसान पहुंचाने या उसे फिर से बदनाम करने की कोई कोशिश सफल नहीं होनी चाहिए।

योगी ने कहा कि प्रभु श्रीराम की नगरी को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और मर्यादित स्वरूप में आगे बढ़ाना है। दीपावली का उपहार देने और शुभकामनाएं साझा करने के साथ उनका उद्देश्य लोगों को अयोध्या की विरासत और प्रतिष्ठा की रक्षा के लिए प्रेरित करना है।

सफाई कर्मियों, गोताखोरों और पार्षदों को किया सम्मानित

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मियों और उनके बच्चों को सम्मानित किया। इनमें अवधेश निषाद, सूरज निषाद, चंदा निषाद, कौशल्या निषाद, रेनू निषाद, काजल निषाद, आराध्या, माधवी गौतम, अंश, ज्योति, सुनीता, बब्बन, संदीप और अरुण शामिल रहे।

स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले पार्षदों को भी सम्मान दिया गया। इनमें पाटेश्वरी नगर वार्ड की कुंती पांडेय, चित्रगुप्त नगर वार्ड की मनीषा यादव, लाला लाजपत नगर वार्ड के रामतीर्थ, कल्याण सिंह वार्ड के सूर्य कुमार तिवारी और झूलेलाल नगर वार्ड के अभिनव पांडेय शामिल हैं।

मां सरयू की स्वच्छता में योगदान देने वाले गोताखोरों सतीश माझी, ब्रजेश माझी, जग्गू माझी, बाबू निषाद और अभिषेक निषाद को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी से अयोध्या की पवित्रता, सांस्कृतिक विरासत और विकास को सुरक्षित रखने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Related posts