अयोध्या: मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दीपावली के अवसर पर अयोध्या के साधु-संतों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न अखाड़ों और मठों में पहुंचकर संतों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उपहार भेंट किए। मुख्यमंत्री ने दिगंबर अखाड़े, बड़ा भक्त महल और मणिराम दास छावनी में संतों से भेंट की।
दिगंबर अखाड़े में महंत सुरेश दास से की मुलाकात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले दिगंबर अखाड़े पहुंचे। यहां उन्होंने महंत सुरेश दास से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। इस दौरान संत राम लखन दास भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों संतों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उपहार भेंट किए। मुलाकात के दौरान प्रदेश और समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
बड़ा भक्त महल में कौशल किशोर दास महाराज से मिले
इसके बाद मुख्यमंत्री बड़ा भक्त महल पहुंचे, जहां उन्होंने महंत कौशल किशोर दास जी महाराज से मुलाकात की। योगी आदित्यनाथ ने उनका कुशलक्षेम पूछा और दीपावली के अवसर पर उपहार भेंट कर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
मणिराम दास छावनी में महंत नृत्य गोपाल दास के स्वास्थ्य की ली जानकारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास जी से मिलने मणिराम दास छावनी पहुंचे। यहां उन्होंने महंत जी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके दीर्घायु होने की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली का उपहार भी भेंट किया।
