एशियन पैरा गेम्स-2026 में सिमरन का जलवा, 100 और 200 मीटर रेस में जीते स्वर्ण पदक

लखनऊ: जापान में आयोजित पांचवें एशियन पैरा गेम्स-2026 में उत्तर प्रदेश की पैरा एथलीट और अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित सिमरन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर रेस में पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ा है। सिमरन गाजियाबाद की रहने वाली हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) के पद पर कार्यरत हैं।

पंचायती राज विभाग ने दी बधाई

सिमरन की सफलता पर पंचायती राज विभाग के निदेशक धीरेंद्र सिंह सचान ने उनसे फोन पर बात कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सिमरन ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

सचान के अनुसार, सिमरन की सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से चुनौतियों का सामना करते हुए बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर स्वागत, लखनऊ लाने की तैयारी

सिमरन की उपलब्धि के सम्मान में पंचायती राज विभाग के निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को उनके स्वागत की विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। योजना के अनुसार, नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आगमन के दौरान उन्हें सम्मानपूर्वक रिसीव किया जाएगा। इसके बाद भव्य स्वागत के साथ उन्हें लखनऊ लाया जाएगा।

पेरिस पैरालंपिक में भी जीत चुकी हैं कांस्य पदक

सिमरन इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उन्होंने पेरिस पैरालंपिक-2024 में कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया था। इसके अलावा, वर्ष 2024 और 2025 में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी उन्होंने स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। वह वर्ष 2020 के पैरालंपिक खेलों में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन

धीरेंद्र सिंह सचान ने कहा कि सिमरन की उपलब्धियां उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं। वह एक ओर प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर खेल के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा से देश का मान बढ़ा रही हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि सिमरन भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश को गौरवान्वित करती रहेंगी।

Related posts