लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर जिले के मदारीपुर कला में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान विपक्ष पर करारा राजनीतिक हमला बोला। मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के पूर्ववर्ती शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले राज्य में युवाओं की सरकारी नौकरियों पर सरेआम डकैती पड़ती थी और नकल माफिया का राज चलता था।
फतेहपुर में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश में आए बड़े बदलावों को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान भ्रष्टाचार, दंगे और सिफारिशी व्यवस्था से होती थी, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार में पूरी पारदर्शिता के साथ योग्य अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं।
‘2017 से पहले नौकरियों पर पड़ती थी डकैती, नकल माफिया को मिलता था संरक्षण’
जनसभा में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले की सरकारों में उत्तर प्रदेश का युवा हताश और परेशान था। उस दौर में जब भी कोई सरकारी भर्ती निकलती थी, तो नौकरियों की नीलामी होती थी और युवाओं के हक पर डकैती डाली जाती थी। नकल माफिया को सरकारी संरक्षण हासिल था, जिसके कारण मेहनती और मेधावी युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाता था। सीएम ने कहा कि पूर्ववर्ती सपा और कांग्रेस सरकारों ने केवल अपने चहेतों और खानदानों का भला किया, जबकि प्रदेश के युवाओं की उपेक्षा की गई।
‘अब बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से दिए जा रहे नियुक्ति पत्र’
मुख्यमंत्री ने वर्तमान व्यवस्था का अंतर बताते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाया है। आज किसी भी युवा को सरकारी नौकरी पाने के लिए सिफारिश या रिश्वत देने की आवश्यकता नहीं पड़ती। योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं और पारदर्शी ढंग से नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा अपनी मेहनत के बल पर सम्मानपूर्वक नौकरियां प्राप्त कर रहा है।
‘आकांक्षी जिला से बाहर निकलकर विकास की मिसाल बना फतेहपुर’
फतेहपुर जिले के कायाकल्प का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले फतेहपुर की गिनती देश के पिछड़े यानी आकांक्षी जिलों में होती थी। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और रोजगार के मोर्चे पर जिला काफी पीछे था। लेकिन सरकार की नीतियों और विकास योजनाओं के धरातल पर उतरने से अब फतेहपुर की तस्वीर बदल चुकी है। जिले में मेडिकल कॉलेज, सड़कों का चौड़ीकरण, पुलों का निर्माण और कंपोजिट विद्यालयों की स्थापना से फतेहपुर अब विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
‘युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले भुगतेंगे अंजाम’
कानून-व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं की शुचिता पर कड़ा संदेश देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं के सपनों और भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी या माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ऐसे तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोरतम कदम उठा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश में नकल माफिया और उपद्रवियों के लिए कोई जगह नहीं है, और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वालों को उनके अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
