नोएडा: गौतमबुद्ध नगर के नोएडा में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां वायुसेना के सेवानिवृत्त विंग कमांडर की पत्नी ने कथित तौर पर मल्टीलेवल पार्किंग की दूसरी मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक महिला लंबे समय से मानसिक अवसाद से जूझ रही थीं और उनका उपचार भी चल रहा था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में अभी तक किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सेक्टर-18 की पार्किंग में हुई घटना
जानकारी के अनुसार 49 वर्षीय सीतू तलवार नोएडा के सेक्टर-29 में अपने पति और बेटी के साथ रहती थीं। उनके पति मोहित तलवार भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त विंग कमांडर हैं। पुलिस के अनुसार शनिवार को सीतू घर से निकलीं और ई-रिक्शा के जरिए सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग पहुंचीं।
बताया जा रहा है कि वह पार्किंग की दूसरी मंजिल तक गईं और कुछ देर वहां रुकने के बाद अचानक नीचे छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें गंभीर हालत में नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दो दशक से चल रहा था इलाज
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीतू तलवार पिछले करीब 20 वर्षों से मानसिक अवसाद से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
परिवार में उनके पति और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक बेटी है। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया था। साथ ही घर से लेकर पार्किंग परिसर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के क्रम को विस्तार से समझा जा सके।
पुलिस का कहना है कि अब तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मानसिक अवसाद के संकेतों को नजरअंदाज न करें
विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय से मानसिक या गंभीर शारीरिक बीमारी से जूझ रहे लोगों में चिड़चिड़ापन, निराशा, नकारात्मक सोच और खुद को बेकार समझने जैसी भावनाएं विकसित हो सकती हैं। ऐसे संकेत दिखाई देने पर परिवार और करीबी लोगों को सतर्क रहना चाहिए तथा समय रहते विशेषज्ञ की सलाह और काउंसलिंग की मदद लेनी चाहिए।
