प्रेम प्रसंग का खूनी अंत! शादी का दबाव बनाने पहुंचा युवक, युवती के भाई को मारी गोली; छत से गिरकर खुद की मौत

पटना: राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक कथित प्रेम प्रसंग ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया। शादी को लेकर हुए विवाद के बीच एक युवक कथित प्रेमिका के घर पहुंच गया और वहां हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि युवक ने युवती के भाई को गोली मार दी। इसके बाद मची अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की के दौरान युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मोतिहारी निवासी 25 वर्षीय प्रियेश रंजन के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक अपने परिवार के साथ राजीव नगर इलाके में किराए के मकान में रहता है। शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद की बात सामने आई है।

बातचीत बंद होने के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रियेश और युवती के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। आरोप है कि हाल ही में युवती को सरकारी नौकरी मिलने के बाद उसने प्रियेश से बातचीत बंद कर दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था।

बताया जा रहा है कि रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे प्रियेश पिस्टल लेकर युवती के घर पहुंचा और शादी करने का दबाव बनाने लगा। इसी दौरान युवती के भाई से उसकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

विवाद के बीच चली गोली, भाई घायल

परिजनों के आरोप के अनुसार विवाद बढ़ने पर प्रियेश ने युवती के भाई पर गोली चला दी। गोली उसकी बांह में लगी, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।

घटना के दौरान हुई धक्का-मुक्की के बीच प्रियेश तीसरी मंजिल की छत से नीचे गिर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस कर रही हर एंगल से जांच

घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि युवक धक्का-मुक्की के दौरान संतुलन बिगड़ने से गिरा या फिर उसे नीचे फेंका गया।

सिटी एसपी (सेंट्रल) ममता कल्याणी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है। हालांकि वह किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए। घायल युवक की मां ने आरोप लगाया कि प्रियेश कई महीनों से उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। रविवार को वह अचानक घर में घुस आया और तीसरी मंजिल की छत पर पहुंच गया, जहां उनका बेटा मौजूद था।

परिजनों का कहना है कि छत पर पहुंचते ही प्रियेश ने गोली चला दी, जो उनके बेटे की बांह में लगी। इसके बाद हुए घटनाक्रम में वह खुद छत से नीचे गिर गया।

सरकारी नौकरी के बाद बढ़ी थी दूरी!

जांच के दौरान यह भी जानकारी सामने आई है कि घायल युवक की दो बहनों को सरकारी नौकरी मिली है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या इसी के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा था। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस हर संभावित एंगल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

 

Related posts