गाजियाबाद: जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ गाजियाबाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नगर निगम ने जनगणना ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में 21 कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, जिला प्रशासन ने ऐसे 200 से अधिक कर्मचारियों की सूची तैयार की है जो एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी अपनी निर्धारित ड्यूटी पर नहीं पहुंचे।
10 हजार से अधिक प्रगणकों की हुई तैनाती
जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए जिले में कुल 10,018 प्रगणकों और सुपरवाइजरों की नियुक्ति की गई है। पूरे जिले को 16 भागों में विभाजित कर चरणबद्ध तरीके से जनगणना कराई जा रही है। नगर निगम क्षेत्र में भी पांच जोन बनाकर घर-घर सर्वेक्षण का काम चल रहा है।
400 से ज्यादा कर्मियों ने अब तक नहीं संभाली जिम्मेदारी
जनगणना के पहले चरण में मकानों और परिवारों से जुड़ी जानकारी एकत्र की जा रही है। इसके बावजूद 400 से अधिक प्रगणकों ने अब तक अपनी ड्यूटी नहीं संभाली है। प्रशासन ने इनमें से 200 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
21 कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज कराया गया मुकदमा
नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को जनगणना कार्य में लगातार लापरवाही बरतने वाले 21 प्रगणकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। अधिकारियों के मुताबिक ये कर्मचारी सिटी जोन, कविनगर और वसुंधरा जोन से जुड़े हुए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि संबंधित कर्मचारी जल्द काम शुरू नहीं करते हैं तो उनके मूल विभागों को प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने की संस्तुति भी भेजी जाएगी।
ऑनलाइन डेटा अपलोड नहीं करने वालों पर भी नजर
जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में करीब 90 प्रतिशत प्रगणकों ने क्षेत्र में काम शुरू कर दिया है। हालांकि कई कर्मचारी ऐसे भी हैं जिन्होंने सर्वे तो शुरू किया है लेकिन अभी तक पोर्टल पर डेटा अपलोड नहीं किया है। प्रशासन का कहना है कि जब तक ऑनलाइन डेटा अपलोड नहीं होगा, तब तक कार्य को पूर्ण रूप से शुरू माना नहीं जाएगा।
नगर निगम क्षेत्र में धीमी है प्रगति
नगर निगम क्षेत्र में अब तक लगभग 61 प्रतिशत कार्य ही शुरू हो सका है। सिटी जोन में तैनात 811 प्रगणकों में से केवल 57 प्रतिशत का काम ऑनलाइन दर्ज दिखाई दे रहा है। दूसरी ओर मोहननगर जोन में 96.5 प्रतिशत कार्य शुरू हो चुका है। वहीं डासना, मोदीनगर तहसील और पतला क्षेत्र में सभी प्रगणक मैदान में उतर चुके हैं और वहां कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
ड्यूटी कटवाने वालों की बढ़ी चिंता
जनगणना ड्यूटी से छूट पाने के लिए आवेदन देने वाले कर्मचारियों की भी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। नोटिस जारी होने के बाद कई कर्मचारी जिला मुख्यालय के चक्कर लगाते देखे गए। कार्रवाई की आशंका को लेकर कर्मचारियों में बेचैनी बढ़ गई है।
20 जून तक चलेगा पहला चरण
जनगणना का पहला चरण 20 जून तक जारी रहेगा। इस दौरान भवनों की गणना, मकानों का सत्यापन और परिवारों से जुड़ी जानकारियां दर्ज की जाएंगी। इसके बाद दूसरे चरण में 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या और जाति आधारित गणना का कार्य किया जाएगा।
