स्विट्जरलैंड के रेलवे स्टेशन पर चाकूबाजी से दहशत, 3 लोग घायल; पुलिस ने बताया आतंकी हमला

जिनेवा: स्विट्जरलैंड के विंटरथुर शहर में गुरुवार सुबह रेलवे स्टेशन पर हुए चाकू हमले से हड़कंप मच गया। एक व्यक्ति ने अचानक लोगों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने इस वारदात को “आतंकवाद का घिनौना कृत्य” बताया है। हालांकि, हमले के कुछ ही मिनटों बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख मारियस वेयेरमैन ने बताया कि आपातकालीन सूचना मिलने के पांच मिनट के भीतर ही पुलिस ने संदिग्ध को दबोच लिया।

आरोपी पहले से पुलिस की निगरानी में था

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी 31 वर्षीय स्विस-तुर्की दोहरी नागरिकता वाला व्यक्ति है, जो विंटरथुर में ही रहता है। अधिकारियों के अनुसार, वह पहले भी सुरक्षा एजेंसियों की नजर में रह चुका था।

बताया गया कि वर्ष 2015 में इस्लामिक स्टेट से जुड़ी प्रचार सामग्री बांटने के कारण उसका नाम जांच एजेंसियों के रिकॉर्ड में दर्ज हुआ था। हाल के दिनों में उसने पुलिस आपातकालीन नंबर पर कई बार कॉल किए और संदिग्ध टिप्पणियां भी की थीं।

इसी वजह से उसे कुछ समय पहले एक मनोरोग केंद्र में भर्ती कराया गया था। हालांकि बुधवार को डॉक्टरों ने उसे खतरनाक नहीं मानते हुए छुट्टी दे दी थी।

तीन लोग घायल, एक की हालत गंभीर

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमले में 28, 43 और 52 वर्ष के तीन स्विस नागरिक घायल हुए हैं। इनमें से दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई या छुट्टी मिलने वाली थी। वहीं 52 वर्षीय घायल व्यक्ति की जांघ में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसका ऑपरेशन किया गया और वह अभी अस्पताल में भर्ती है।

जांच एजेंसियों का मानना है कि आरोपी ने यह हमला अकेले ही अंजाम दिया।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया आतंकी कृत्य

ज्यूरिख के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मारियो फेहर ने इस घटना को “आतंकवाद का घिनौना कृत्य” करार दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी का जन्म स्विट्जरलैंड में हुआ था और उसने वर्ष 2009 में स्विस नागरिकता हासिल की थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसने पिछले दो वर्षों का अधिकांश समय तुर्की में बिताया था।

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रेलवे स्टेशन के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्कों, मानसिक स्थिति और संभावित आतंकी संबंधों की गहराई से जांच कर रही हैं।

बता दें कि विंटरथुर स्विट्जरलैंड के उत्तरपूर्वी हिस्से में स्थित एक प्रमुख शहर है, जिसकी आबादी करीब 1.23 लाख है। यह शहर देश के सबसे बड़े शहर ज्यूरिख के बेहद करीब स्थित है।

Related posts