डोनाल्ड ट्रंप का ईरान पर बड़ा हमला, बोले- चीन या रूस को यूरेनियम देना मंजूर नहीं, अब ओमान को भी दी चेतावनी

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर बेहद सख्त रुख दिखाया है। ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर ईरान अपने अत्यधिक समृद्ध यूरेनियम को चीन या रूस को सौंपने की कोशिश करता है, तो यह अमेरिका को किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं होगा। मध्य पूर्व में जारी तनाव और संभावित समझौते की चर्चाओं के बीच ट्रंप के इस बयान ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।

एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने कहा कि ईरान को प्रतिबंधों में राहत देने का सवाल ही पैदा नहीं होता। उन्होंने दो टूक कहा कि अमेरिका किसी भी ऐसे समझौते के पक्ष में नहीं है, जिसमें ईरान को रियायतें दी जाएं और बदले में वह अपने परमाणु कार्यक्रम से जुड़े मुद्दों पर ढील हासिल कर ले।

‘समझौता होगा या अमेरिका अपना काम करेगा’

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान बातचीत जरूर करना चाहता है, लेकिन अमेरिका अभी उससे संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि या तो समझौता अमेरिका की शर्तों पर होगा या फिर अमेरिका अपना काम पूरा करेगा। ट्रंप के इस बयान को ईरान के लिए सीधी चेतावनी माना जा रहा है।

ट्रंप ने कहा कि ईरान को अपना अत्यधिक समृद्ध यूरेनियम छोड़ना ही होगा और इसके बदले किसी तरह की प्रतिबंध राहत नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है।

ओमान को भी दी खुली चेतावनी

इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने ओमान और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जलडमरूमध्य सभी देशों के लिए खुला रहना चाहिए और इस पर किसी एक का नियंत्रण नहीं हो सकता। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि ओमान को बाकी देशों की तरह व्यवहार करना होगा, नहीं तो अमेरिका कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।

ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका को तेल या जलडमरूमध्य पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने इच्छा जताई कि सऊदी अरब, कतर और अन्य खाड़ी देश अब्राहम समझौते में शामिल हों। हालांकि संयुक्त अरब अमीरात पहले से ही इस समझौते का हिस्सा है।

ईरान को लेकर फिर दी खुली धमकी

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिका इस बात के लिए तैयार होगा कि रूस या चीन ईरान से समृद्ध यूरेनियम ले लें, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यह विकल्प अमेरिका को बिल्कुल स्वीकार नहीं है।

ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान अब अमेरिका को वह चीजें देने की बात कर रहा है, जो उसे पहले ही दे देनी चाहिए थीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने ऐसा नहीं किया, तो अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ कार्रवाई करेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले ईरान की ओर से समझौते की बात सामने आई थी, लेकिन अमेरिका ने उस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। अब ट्रंप के ताजा बयान ने दोनों देशों के बीच तनाव को और बढ़ा दिया है।

Related posts