रांची: झारखंड में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और सुलभ बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मॉडल सब सेंटर-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर योजना के तहत चतरा जिले में 54 केंद्रों के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला परिषद के माध्यम से योजना की निविदा कराई गई है। कुछ केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कुछ अभी प्रक्रियाधीन हैं।
सरकार की इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में लोगों को उनके घर के पास बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए शहरों पर निर्भरता कम हो सके। इन केंद्रों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
5 हजार की आबादी पर बनेगा एक मॉडल सब सेंटर
योजना के तहत हर पांच हजार की आबादी पर एक मॉडल सब सेंटर स्थापित किया जाएगा। प्रस्तावित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और जरूरी दवाइयों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अधिकारियों के मुताबिक, सभी केंद्रों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के इंडियन पब्लिक हेल्थ स्टैंडर्ड मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। यहां प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और बुनियादी जांच सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
24 घंटे स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगा फोकस
ग्रामीण क्षेत्रों में 24×7 स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से भी जोड़ा जाएगा। गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
इसके साथ ही स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों की रोकथाम और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
