पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार का रास्ता साफ: शुभेंदु अधिकारी चुने गए विधायक दल के नेता, अमित शाह ने लगाई अंतिम मुहर

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में सरकार गठन की दिशा में अहम कदम उठाते हुए शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया है। इसके साथ ही अब उनका पश्चिम बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में शुक्रवार को यह फैसला लिया गया।

न्यूटाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में नवनिर्वाचित विधायक, केंद्रीय पर्यवेक्षक और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के दौरान अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का औपचारिक ऐलान करते हुए कहा कि उन्हें पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी मौजूद रहे।

9 मई को हो सकता है भव्य शपथ ग्रहण समारोह

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

अमित शाह के तय कार्यक्रम को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि शनिवार दोपहर तक बंगाल में बीजेपी सरकार का औपचारिक गठन हो सकता है।

ममता बनर्जी के खिलाफ सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे शुभेंदु अधिकारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी भाजपा के सबसे आक्रामक और प्रभावशाली चेहरों में शामिल रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके मजबूत राजनीतिक गढ़ भवानीपुर में हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इसके अलावा उन्होंने नंदीग्राम सीट से भी जीत दर्ज की।

इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में ममता बनर्जी को चुनावी मुकाबले में मात दी थी। लगातार दूसरी बार ममता बनर्जी के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के बाद से ही उन्हें मुख्यमंत्री पद का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा था।

207 सीटों के साथ बीजेपी को मिला प्रचंड बहुमत

पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान कराया गया था। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को हुआ था। हालांकि फाल्टा विधानसभा सीट पर चुनाव रद्द कर दिया गया था।

4 मई को आए चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। वहीं ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों पर सिमट गई।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह जीत पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव मानी जा रही है और पहली बार राज्य में भाजपा सरकार बनने जा रही है।

Related posts