दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और चार नाबालिग बच्चों की जहर देकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने घर से महिला और चार बच्चों समेत कुल पांच शव बरामद किए हैं। मृतकों में तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं।
वजीरपुर गांव में मिला पूरा परिवार मृत
जानकारी के मुताबिक यह भयावह घटना गुरुग्राम के वजीरपुर गांव की है। शनिवार देर रात पुलिस को एक घर में कई लोगों के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर के अंदर महिला और चार बच्चों के शव बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
प्रेम विवाह के सात साल बाद उजड़ा परिवार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पेशे से सैलून संचालक था। उसने महिला से प्रेम विवाह किया था और दोनों की शादी को करीब सात साल हो चुके थे।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि आरोपी ने पूरे परिवार को खत्म करने जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।
जहर देकर हत्या की आशंका
गुरुग्राम के एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे पुलिस को वजीरपुर गांव से पांच शव मिलने की सूचना मिली थी।
उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और बच्चों को जहर दिया और बाद में खुद आत्महत्या का प्रयास किया।”
पुलिस के मुताबिक मौके से सबूत जुटाने के लिए फिंगरप्रिंट और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था।
बच्चों के शरीर पर चोट के निशान
जांच के दौरान पुलिस ने बच्चों के चेहरों पर सूजन और चोट के कई निशान भी देखे हैं। ऐसे में पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति और साफ हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
