मुंबई इंडियंस की हार का सिलसिला जारी, तेज गेंदबाजी की धार कमजोर, चार मैच में बुमराह का खाता खाली

आईपीएल के मौजूदा सीजन में मुंबई इंडियंस की शुरुआत भले ही जीत के साथ हुई हो, लेकिन इसके बाद टीम की रफ्तार थम सी गई है। लगातार तीन हार ने पांच बार की चैंपियन टीम की रणनीति और प्रदर्शन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास तौर पर टीम की गेंदबाजी, जो कभी उसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती थी, इस समय कमजोर कड़ी बनती नजर आ रही है।

शुरुआती जीत के बाद पटरी से उतरी टीम
हार्दिक पांड्या की अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने अपने अभियान का आगाज कोलकाता के खिलाफ जीत के साथ किया था, जहां टीम ने 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। लेकिन इसके बाद हालात पूरी तरह बदल गए। दिल्ली ने छह विकेट से हराया, राजस्थान ने 27 रन से मात दी और फिर बेंगलुरु ने 18 रन से करीबी मुकाबले में शिकस्त दी। चार मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ टीम के खाते में दो अंक हैं और वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर जूझ रही है।

बुमराह की खामोशी ने बढ़ाई चिंता
मुंबई इंडियंस के लिए सबसे ज्यादा चिंता की बात उनके प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन है। चार मैच खेलने के बावजूद बुमराह एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके हैं। पहले मैच में उन्होंने 35 रन खर्च किए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। दिल्ली के खिलाफ 21 रन देने के बाद भी विकेट नहीं मिला। राजस्थान के खिलाफ 32 रन और बेंगलुरु के खिलाफ 35 रन देने के बावजूद उनका विकेट कॉलम खाली ही रहा। लगातार चार मैचों में विकेट न लेना उनके स्तर के गेंदबाज के लिए हैरान करने वाला आंकड़ा है।

खिताब से दूरी का सिलसिला जारी
मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार साल 2020 में आईपीएल का खिताब जीता था। उसके बाद से टीम ट्रॉफी तक पहुंचने में नाकाम रही है। मौजूदा सीजन में भी टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं दिख रहा है। अंक तालिका में मौजूदा स्थिति और मैदान पर प्रदर्शन को देखते हुए प्लेऑफ की राह मुश्किल नजर आ रही है। हालांकि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और अगर टीम अचानक लय पकड़ लेती है तो तस्वीर बदल सकती है, लेकिन फिलहाल मुंबई इंडियंस के लिए हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।

Related posts