नई दिल्ली: देश में एक बार फिर महंगाई ने रफ्तार पकड़ ली है। एक अप्रैल से कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ने वाला है। हालांकि इस बार घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम घरों को फिलहाल राहत मिली है।
चारों महानगरों में बढ़े दाम, जानिए नई कीमतें
तेल कंपनियों ने देशभर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में इजाफा किया है। राजधानी दिल्ली में सिलेंडर 194 रुपये महंगा होकर अब 2078.50 रुपये का हो गया है, जो पहले 1884.50 रुपये था। मुंबई में 196 रुपये की बढ़ोतरी के बाद यह 2031 रुपये में मिल रहा है। चेन्नई में 203 रुपये बढ़कर कीमत 2246.50 रुपये पहुंच गई है, जबकि कोलकाता में 218 रुपये की बढ़ोतरी के साथ यह 2208 रुपये हो गया है।
अन्य शहरों की बात करें तो लखनऊ में अब कमर्शियल सिलेंडर 2201 रुपये में मिलेगा। पटना में इसकी कीमत 2365 रुपये, जयपुर में 2031 रुपये, बेंगलुरु में 2161 रुपये और हैदराबाद में 2321 रुपये हो गई है। इससे पहले 7 मार्च को भी कीमतों में 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी, यानी एक महीने के भीतर दूसरी बार दाम बढ़े हैं।
आम जनता और कारोबारियों पर पड़ेगा सीधा असर
कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने का सबसे ज्यादा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और फास्ट फूड जैसे व्यवसायों पर पड़ेगा, जहां इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजें महंगी हो सकती हैं, जिसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा। वहीं छोटे व्यापारियों के मुनाफे पर भी दबाव बढ़ेगा।
अंतरराष्ट्रीय कारणों से बढ़ी कीमतें
कीमतों में इस बढ़ोतरी के पीछे वैश्विक हालात जिम्मेदार बताए जा रहे हैं। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के चलते कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है। खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में तेजी आई है। इसी के चलते भारत में भी पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ रही हैं और तेल कंपनियों को कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा करना पड़ा है।
