सैमसंग जल्द ही भारतीय बाजार में अपना नया बजट स्मार्टफोन Galaxy M17e लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी ने पहले ही घोषणा कर दी है कि यह फोन 17 मार्च को भारत में पेश किया जाएगा। लॉन्च से पहले अब इसकी संभावित कीमत को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है, जिससे संकेत मिल रहा है कि यह स्मार्टफोन बजट सेगमेंट में उतारा जा सकता है। हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कीमत की पुष्टि नहीं की गई है।
लीक में सामने आई संभावित कीमत
लॉन्च से पहले फोन की कीमत को लेकर एक टिप्स्टर संजू चौधरी ने माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की है। उनके मुताबिक Galaxy M17e की शुरुआती कीमत करीब 13,999 रुपये हो सकती है।
अगर यह जानकारी सही साबित होती है तो यह फोन कंपनी की लोकप्रिय बजट एम सीरीज में एक नया विकल्प बन सकता है। फिलहाल इस कीमत को आधिकारिक घोषणा तक संभावित अनुमान के तौर पर ही देखा जा रहा है।
डिस्प्ले और प्रोसेसर की जानकारी
कंपनी ने लॉन्च से पहले इस स्मार्टफोन के कुछ फीचर्स की पुष्टि भी कर दी है। Galaxy M17e में 6.7 इंच का एचडी प्लस डिस्प्ले दिया जाएगा, जो 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। फोन में वाटरड्रॉप स्टाइल नॉच डिजाइन भी देखने को मिलेगा।
परफॉर्मेंस के लिए इसमें मीडियाटेक डाइमेंसिटी 6300 प्रोसेसर दिया जाएगा। इसके साथ 6 जीबी तक रैम और 128 जीबी तक स्टोरेज का विकल्प मिलेगा। फोन में माइक्रो एसडी कार्ड स्लॉट भी होगा, जिससे स्टोरेज को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
कैमरा और बैटरी फीचर्स
फोटोग्राफी के लिए Galaxy M17e के रियर पैनल पर 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा, जिसके साथ 2 मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर मिलेगा। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा होगा।
बैटरी की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 6000mAh की बड़ी बैटरी दी जाएगी, जो 25 वॉट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आएगी। सुरक्षा के लिए फोन में साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट स्कैनर दिया जाएगा। इसके अलावा फोन आईपी54 रेटिंग के साथ आएगा, जिससे धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा मिलने का दावा किया गया है।
सॉफ्टवेयर और अपडेट सपोर्ट
यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 आधारित वन यूआई 8.0 पर काम करेगा। कंपनी का कहना है कि इस डिवाइस को छह जनरेशन तक एंड्रॉयड अपडेट और छह साल तक सुरक्षा अपडेट दिए जाएंगे। इसके अलावा फोन में सर्कल टू सर्च और जेमिनी एआई असिस्टेंट जैसे नए फीचर्स का भी सपोर्ट मिलेगा, जिससे यूजर्स को एआई आधारित स्मार्ट सुविधाएं मिलेंगी।
