मार्च के पहले हफ्ते में बढ़ेगी तपिश, गुजरात से महाराष्ट्र तक गर्मी और उमस का अलर्ट; दिल्ली भी रहेगी तपती

नई दिल्ली: होली से पहले ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। उत्तर भारत से लेकर पश्चिमी राज्यों तक अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है और कई शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मार्च के पहले हफ्ते में उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में गर्मी का असर तेज होगा और अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रह सकता है।

IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अगले 7 दिनों के दौरान दिन का तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसका असर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हिमाचल-उत्तराखंड के निचले इलाकों में साफ तौर पर देखने को मिलेगा। कई जगहों पर पहले ही तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है।

गुजरात में उमस भरी गर्मी, महाराष्ट्र में भी चढ़ेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात में 4 और 5 मार्च को कुछ हिस्सों में बहुत गर्म और उमस भरी स्थिति बनी रह सकती है। वहीं वीकेंड तक मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ज्यादा रहने की संभावना है।

महाराष्ट्र में अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि गुजरात में अगले पांच दिनों में 3 से 5 डिग्री तक पारा चढ़ने का अनुमान है। इससे दिन के समय तेज धूप और चिपचिपी गर्मी का असर बढ़ सकता है।

दक्षिण और मध्य भारत में 37 डिग्री पार

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के अनुसार, दक्षिण भारत के इरोड, सलेम, मदुरै, अनंतपुर और कर्नूल जैसे शहरों में तापमान पहले ही 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। मध्य भारत के अकोला और अमरावती (विदर्भ) तथा राजकोट (सौराष्ट्र) में भी पारा 37 डिग्री के स्तर पर दर्ज किया गया है।

हालांकि उत्तर भारत में अभी भीषण गर्मी का दौर शुरू नहीं हुआ है और पंजाब-हरियाणा में तापमान 35 डिग्री के पार नहीं गया है। लेकिन पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और फलोदी जैसे सीमावर्ती इलाकों में पारा 35 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। अनुमान है कि मार्च के दूसरे पखवाड़े में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में और तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। मार्च के पहले हफ्ते में राजधानी का अधिकतम तापमान बढ़कर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले एक सप्ताह तक बादलों की आवाजाही या बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे दिन में गर्मी का असर और स्पष्ट होगा।

हिमालयी इलाकों में हल्की राहत के आसार

मौसम विभाग ने बताया है कि दो कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 3 और 4 मार्च 2026 को हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में भी हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे पहाड़ी इलाकों में अस्थायी राहत मिल सकती है।

कुल मिलाकर मार्च की शुरुआत ही गर्मी के तेवर दिखा रही है। आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होने की संभावना है, ऐसे में लोगों को धूप और उमस से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।

Related posts