फिरोजाबाद से एक मानवीय पहल सामने आई है। चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल में बंद अभिनेता राजपाल यादव की मदद के लिए एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने अपने वेतन से 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इस कदम की जानकारी उन्होंने गुरुवार रात स्वयं इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर दी, जिसके बाद उनकी पहल की व्यापक सराहना हो रही है।
बताया गया है कि राजपाल यादव इस समय चेक बाउंस के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं। उन पर करीब नौ करोड़ रुपये की देनदारी बताई गई है, जिसे वे चुका नहीं पा रहे थे। इसी कारण उन्हें सरेंडर करना पड़ा। अभिनेता की मदद के लिए बॉलीवुड की कई हस्तियां भी आगे आ चुकी हैं।
वीडियो जारी कर की मदद की घोषणा
एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने गुरुवार रात करीब 10:15 बजे अपने फेसबुक अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को अपने अभिनय से हंसाने वाले कलाकार की मदद के लिए समाज को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि भले ही अभिनेता इस समय जेल में हों, लेकिन वे निजी तौर पर धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति और एक अच्छे कलाकार हैं। इसी भावना से प्रेरित होकर उन्होंने अपने वेतन से 51 हजार रुपये की सहायता दी है।
लोगों ने की पहल की सराहना
एसपी की इस पहल को सोशल मीडिया पर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। उनकी पोस्ट को महज 40 मिनट के भीतर 51 हजार से अधिक लोगों ने देख लिया। कई लोगों ने इसे संवेदनशील और प्रेरणादायक कदम बताया।
राजपाल यादव की आर्थिक स्थिति और कानूनी प्रक्रिया को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है, वहीं पुलिस अधिकारी की इस व्यक्तिगत सहायता ने मानवीय पहलू को सामने ला दिया है।
