84 साल के अमिताभ बच्चन के हाथ में तकलीफ, फैंस को खत लिखने में हो रही परेशानी; KBC 18 की शूटिंग रुकने की खबरों के बीच दिया हेल्थ अपडेट

नई दिल्ली: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच प्रशंसकों को व्यक्तिगत अपडेट दिया है। अभिनेता ने बताया कि उनके लिखने वाले हाथ में कुछ तकलीफ हो रही है, जिसकी वजह से वह अपने शुभचिंतकों के पत्रों का जवाब समय पर नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने इसके लिए प्रशंसकों से माफी भी मांगी है। हाल के दिनों में ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग में उनकी गैरमौजूदगी को लेकर भी उनके स्वास्थ्य पर सवाल उठ रहे थे।

फैंस के प्यार और उपहारों के लिए जताया आभार

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग पोस्ट में प्रशंसकों से मिल रहे स्नेह और उपहारों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि शुभचिंतकों की ओर से इतनी बड़ी संख्या में बधाई संदेश और उपहार मिल रहे हैं कि अब उन्हें रखने के लिए जगह कम पड़ने लगी है।

अभिनेता ने कहा कि इन उपहारों को ठीक से संभालकर न रखना, उन्हें भेजने वालों के स्नेह का अनादर करने जैसा होगा। उन्होंने सभी प्रशंसकों का आभार जताते हुए कहा कि वह हर व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से पत्र लिखकर जवाब देने की कोशिश कर रहे हैं।

हाथ में परेशानी के कारण नहीं लिख पा रहे पत्र

बिग बी ने बताया कि वह अपने प्रशंसकों को जवाब खुद लिखना चाहते थे, लेकिन जिस हाथ से वह लिखते हैं, उसमें तकलीफ महसूस हो रही है। इसी वजह से पत्रों के जवाब देने में देरी हो रही है।

उन्होंने अपने ब्लॉग में इस परेशानी के लिए ईमानदारी से माफी मांगी। अभिनेता ने यह भी कहा कि माफी मांगने में कोई बुराई नहीं है। सामने वाला व्यक्ति उसे स्वीकार कर सकता है, जिससे मन को शांति मिलेगी, या फिर उसे ठुकरा सकता है, जिससे मन में एक कसक रह जाएगी। उन्होंने यह फैसला अपने पाठकों पर छोड़ दिया।

KBC 18 की शूटिंग रुकने की भी चर्चा

अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर यह अपडेट ऐसे समय आया है, जब उनकी लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ की शूटिंग प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिग बी की अस्वस्थता के कारण शो की शूटिंग पिछले करीब एक सप्ताह से रुकी हुई है।

हालांकि, अभिनेता ने अपने ब्लॉग में हाथ में तकलीफ के अलावा किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या का खुलासा नहीं किया है। उनके इस संदेश के बाद प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

Related posts