चित्रकूट में भीषण हादसा: दीपदान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलटी, मासूम समेत 4 की मौत, 12 घायल

चित्रकूट: दीपदान मेले में शामिल होकर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली सोमवार तड़के चित्रकूट में हादसे का शिकार हो गई। झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामनगर कस्बे के पास ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला टूट गया। इसके बाद ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में एक मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दीपदान के बाद प्रयागराज लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के मुताबिक, प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र स्थित ऊंचा गांव से करीब दो दर्जन श्रद्धालु शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से चित्रकूट के दीपदान मेले में शामिल होने आए थे। समूह में गांव के लोगों के साथ मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रहने वाले उनके कुछ रिश्तेदार भी शामिल थे।

रविवार देर रात सभी श्रद्धालु दर्शन और दीपदान करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से प्रयागराज के लिए रवाना हुए थे। सोमवार तड़के करीब ढाई बजे वे रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर कस्बे में पावर हाउस के पास पहुंचे। इसी दौरान ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला गुल्ला टूट गया।

गुल्ला टूटते ही खाई में पलटी ट्रॉली

बताया गया कि हादसे के समय ट्रैक्टर तेज रफ्तार में था। गुल्ला टूटने के बाद ट्रैक्टर आगे निकल गया, जबकि पीछे चल रही ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे खाई में पलट गई। ट्रॉली में सवार कई लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), रामनगर पहुंचाया गया।

रीवा के तीन और प्रयागराज के एक श्रद्धालु की मौत

अस्पताल में डॉक्टरों ने चार श्रद्धालुओं को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चाकघाट निवासी त्रिवेणी और छह वर्षीय शिवांश शामिल हैं। वहीं, प्रयागराज जिले के ऊंचा गांव निवासी राधेकृष्ण की भी जान चली गई। चौथे मृतक की पहचान धर्मेंद्र के छह वर्षीय बेटे के रूप में बताई गई है।

हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इनमें सात की हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें सीएचसी रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों में तीन मध्य प्रदेश के रीवा जिले और एक प्रयागराज का निवासी बताया गया है।

Related posts