अयोध्या: योगी सरकार के दीपोत्सव-2026 में सरयू की रेत से तैयार भव्य राम दरबार और राम मंदिर की कलाकृति आकर्षण का केंद्र बनी। अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने 220 टन रेत का इस्तेमाल कर 58 फीट लंबी और 20 फीट ऊंची विशाल कलाकृति बनाई। इस अनूठी रचना को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। इसके लिए डिजिटल प्रमाणपत्र भी जारी किया गया।
कलाकृति का निर्माण कार्य 30 अक्टूबर को शुरू हुआ था, जिसे सात दिनों की मेहनत के बाद 7 नवंबर को पूरा किया गया। रेत से तैयार इस भव्य राम दरबार में भगवान राम और राम मंदिर की विशाल आकृति को बेहद आकर्षक रूप दिया गया है।
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने की कलाकार की सराहना
दीपोत्सव के दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कलाकृति का अवलोकन किया। तीनों अतिथियों ने कलाकार मधुरेंद्र कुमार के प्रयास की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने कलाकार का उत्साह बढ़ाते हुए ‘वेल डन’ कहा।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी
कलाकार मधुरेंद्र कुमार के मुताबिक, यह उनके करियर की पहली और दुनिया की सबसे लंबी रेत से निर्मित राम दरबार कलाकृति है। इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है। फिलहाल इस कलाकृति को बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिल चुकी है।
25 से अधिक देशों में कर चुके हैं भारत का प्रतिनिधित्व
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रहने वाले मधुरेंद्र कुमार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सैंड आर्ट के लिए पहचान बना चुके हैं। वह अब तक 25 से अधिक देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और उनके नाम 12 से ज्यादा विश्व रिकॉर्ड दर्ज हैं। अयोध्या के दीपोत्सव में बनाई गई उनकी यह विशाल कलाकृति भी उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी बन गई है।
