ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हमला, गुजरात के नाविक की मौत; 13 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

नई दिल्ली: ओमान के समुद्री क्षेत्र में भारतीय झंडे वाले मालवाहक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 13 अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। मृतक नाविक गुजरात का रहने वाला था।

मंत्री के मुताबिक, भारतीय मालवाहक जहाज एमएसवी अल जुसुफी ओमान के तट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान किसी अज्ञात हवाई वस्तु ने जहाज को निशाना बनाया। जहाज पर कुल 14 भारतीय नाविक मौजूद थे। हमले में घायल एक नाविक की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक की पहचान गांधार नाहिम अजीज के रूप में हुई है।

ओमान के तटरक्षक बल ने 13 नाविकों को बचाया

सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि हमले के बाद जहाज पर मौजूद चालक दल के 13 सदस्य सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। ओमान के तटरक्षक बल ने सभी को बचा लिया।

उन्होंने कहा कि ओमान में स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। दूतावास की ओर से बचाए गए सभी 13 भारतीय नाविकों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भारतीय जहाज पर हमले की विदेश मंत्रालय ने की निंदा

घटना के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने हमले की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि ओमान के लीमा के पास सोमवार शाम वाणिज्यिक जहाज एमएसवी अल जुसुफी को निशाना बनाया गया। जहाज पर मौजूद 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि एक नाविक की चोटों के कारण मौत हो गई।

विदेश मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है। मंत्रालय के मुताबिक, ओमान में भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। साथ ही, सुरक्षित बचाए गए भारतीय नागरिकों और मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

मंत्रालय ने क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को गंभीर चिंता का विषय बताया। भारत ने तनाव तत्काल कम करने और राजनयिक बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील दोहराई है। बयान में यह भी कहा गया कि वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री मार्गों से आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द निर्बाध रूप से बहाल किया जाना चाहिए।

मृत नाविक का पार्थिव शरीर भारत लाने की तैयारी

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि घटना के बाद सरकार की ओर से राहत और बचाव से जुड़े प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकता सुरक्षित बचाए गए सभी नाविकों को जरूरी मदद पहुंचाने के साथ मृतक नाविक के पार्थिव शरीर को भी जल्द भारत वापस लाना है।

अमेरिका-ईरान संघर्ष के बीच भारतीय जहाजों पर हमलों की घटनाएं

अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के दौरान भारतीय झंडे वाले जहाजों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, ऐसी घटनाओं की संख्या अब तक कम रही है। इससे पहले मई में भी भारतीय स्वामित्व वाला एक जहाज ओमान के समुद्री क्षेत्र में अज्ञात हमले के बाद डूब गया था। उस समय भारतीय विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा करते हुए इसे अस्वीकार्य बताया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी को अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से जहाजों और तेल टैंकरों पर हुए हमलों में कम से कम 22 भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पिछले महीने मीडिया ब्रीफिंग में कहा था कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर भारत बेहद चिंतित है। उन्होंने बताया था कि इस संघर्ष में 22 भारतीय नागरिकों की जान गई है, जिनमें 14 नाविक शामिल हैं। भारत ने समुद्री जहाजों पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाते हुए नाविकों की सामूहिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया है।

Related posts