वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक गंभीर आशंका जताई है। उनका कहना है कि ऐसे संकेत मिले हैं कि ईरान अमेरिका पर गैस और जैविक हथियारों से हमला करने के विकल्प पर विचार कर रहा है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोक दिया है, जिसके बाद वह दूसरे खतरनाक हथियारों का रास्ता तलाश सकता है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमलों की संभावना पर भी विचार कर रहे हैं।
ट्रंप बोले- ईरान दूसरे खतरनाक हथियारों के रास्ते तलाश रहा
ट्रंप ने गुरुवार को फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में कहा कि अमेरिका को ऐसे संकेत मिले हैं कि ईरान गैस और जैविक हथियारों के इस्तेमाल के बारे में सोच रहा है। उन्होंने कहा कि परमाणु हथियार बनाना मुश्किल है, इसलिए ईरान दूसरे विकल्पों की तलाश कर सकता है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जैविक हथियारों को बेहद खतरनाक बताते हुए कहा कि आगे हालात किस दिशा में जाते हैं, यह देखना होगा। उन्होंने अपने बयान में 1 जनवरी के बाद की स्थिति का भी जिक्र किया। हालांकि, ट्रंप ने ईरान की कथित तैयारी के समर्थन में कोई ठोस सार्वजनिक सबूत पेश नहीं किया।
वॉशिंगटन में केमिकल हमले की साजिश का भी दावा
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब CNN की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि ईरान वॉशिंगटन डीसी में केमिकल बम से धमाका करने की योजना पर विचार कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस कथित हमले का निशाना ट्रंप प्रशासन के अधिकारी हो सकते हैं।
हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ऐसी खबरों ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
कई बड़े अमेरिकी अधिकारियों को सैन्य ठिकानों पर भेजा गया
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप प्रशासन के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को सुरक्षा कारणों से सैन्य ठिकानों पर स्थानांतरित किया गया है। इनमें अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का नाम भी शामिल है। वह ईरान पर आर्थिक दबाव बनाने और प्रतिबंधों से जुड़ी कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे हैं।
ट्रंप ने हालांकि कहा कि अमेरिकी जमीन पर ईरान के हमले को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने अमेरिका पर हमला किया तो उसे पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को सैन्य ठिकानों पर भेजने की वजह केवल ईरान के साथ बढ़ता तनाव नहीं है।
ईरान पर बड़े सैन्य हमलों के विकल्प तलाश रहे ट्रंप
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ईरान पर बड़े सैन्य हमलों का नया दौर शुरू करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
बताया जा रहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति इजराइल की उन चेतावनियों पर भी गौर कर रहे हैं, जिनमें दावा किया गया है कि ईरान अपनी मिसाइल और ड्रोन क्षमता को दोबारा मजबूत कर रहा है। इसके साथ ही रासायनिक और जैविक हथियारों से जुड़े कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की आशंका भी जताई गई है।
अमेरिकी प्रशासन में युद्ध को लेकर मतभेद
पश्चिम एशिया में अमेरिका की बड़ी सैन्य मौजूदगी को ईरान के खिलाफ संभावित कार्रवाई के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, ट्रंप प्रशासन के भीतर ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान जारी रखने को लेकर एकराय नहीं है।
अमेरिका के मिडटर्म चुनावों के नतीजों को भी इस संदर्भ में अहम माना जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, चुनावी संकेत बताते हैं कि अमेरिकी मतदाता युद्ध को लेकर उत्साहित नहीं हैं। ऐसे में ट्रंप के सामने ईरान पर सैन्य दबाव बढ़ाने और घरेलू स्तर पर युद्ध को लेकर असंतोष के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है।
