पंजाब में चुनाव से पहले AAP को लगातार तीसरा झटका! विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने दिया इस्तीफा, बताया आगे का इरादा

नई दिल्ली: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) के भीतर इस्तीफों का सिलसिला तेज हो गया है। उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद अब अमृतसर उत्तर से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले रविवार को दो अन्य विधायकों ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। हालांकि, कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अपने इस्तीफे की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है। पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की शुरुआत में होने की संभावना है, लेकिन चुनाव आयोग ने अभी तारीखों की घोषणा नहीं की है।

90 प्रतिशत लक्ष्य पूरा होने का किया दावा

कुंवर विजय प्रताप सिंह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक विस्तृत पोस्ट साझा कर अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधायक के तौर पर उन्होंने अपने निर्धारित लक्ष्यों में से 90 प्रतिशत पूरे कर लिए हैं। उन्होंने अपने क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और बताया कि इनकी जानकारी अखबारों तथा उनके फेसबुक पेज पर उपलब्ध है।

उन्होंने अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि राजनीति से ‘माई-बाप संस्कृति’ को खत्म करना बताया। उनके मुताबिक, उन्होंने जनता को अपनी प्रेरणा का वास्तविक स्रोत मानकर काम किया। हालांकि, पोस्ट में उन्होंने किसी नेता का नाम लेकर इस्तीफे की वजह नहीं बताई। पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची में भी उनका नाम शामिल नहीं था।

जनता से किया पंजाब को फिर आगे ले जाने का आह्वान

इस्तीफे की घोषणा करते हुए कुंवर विजय प्रताप सिंह ने जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोगों से मिले प्यार और सम्मान के लिए वह हमेशा उनके ऋणी रहेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि पंजाब की राजनीति को केवल सड़क, नाली और उद्घाटन तक सीमित रखने के बजाय व्यापक मुद्दों पर काम करने की जरूरत है।

उन्होंने पंजाब में नशे, जबरन वसूली, गैंगस्टरों के आतंक और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं का जिक्र करते हुए राज्य को फिर से प्रगतिशील और अग्रणी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।

विधानसभा में उठाए अमृतसर से जुड़े कई मुद्दे

कुंवर विजय प्रताप सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान अमृतसर के लोगों की आवाज उठाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में उन्होंने निडर होकर कई मुद्दे उठाए, जिनमें पानी और सीवेज व्यवस्था, सर्किट हाउस, कंपनी बाग, खुले गंदे नाले, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, सरकारी मेडिकल कॉलेज और सरूप रानी कॉलेज से जुड़े विषय शामिल थे।

उन्होंने बरगाड़ी बेअदबी की घटना का भी उल्लेख किया। विधायक ने कहा कि उनका उद्देश्य जनता के साथ मिलकर ऐसी भविष्य की रणनीति तैयार करना है, जिससे स्वच्छ राजनीति के साथ पारदर्शी और ईमानदार प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके।

इससे पहले दो विधायक भी छोड़ चुके हैं पार्टी

कुंवर विजय प्रताप सिंह से पहले रविवार को चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। चेतन सिंह जौड़ामाजरा पटियाला जिले की समाना सीट से विधायक हैं, जबकि हरमीत सिंह पठानमाजरा सनौर सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

इन दोनों नेताओं के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, इस संबंध में दोनों में से किसी ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। लगातार सामने आ रहे इस्तीफों ने पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आप की राजनीतिक चुनौतियां बढ़ा दी हैं।

पहली सूची में 40 मौजूदा विधायकों को मिला टिकट

आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची में 40 मौजूदा विधायकों को फिर से चुनाव मैदान में उतारा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान एक बार फिर धुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

सूची में अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर दक्षिण से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, एसएएस नगर से कुलवंत सिंह और होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा ‘जिम्पा’ को उम्मीदवार बनाया गया है। करतारपुर से बलकार सिंह, दसूहा से करमवीर सिंह घुम्मन, उरमर से जसवीर सिंह राजा गिल, चब्बेवाल से ईशांक कुमार चब्बेवाल और गढ़शंकर से जय कृष्ण सिंह रौड़ी को भी टिकट दिया गया है।

लुधियाना जिले में लुधियाना पूर्व से दलजीत सिंह ग्रेवाल, आत्म नगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना मध्य से अशोक पराशर पप्पी, लुधियाना पश्चिम से संजीव अरोड़ा, लुधियाना उत्तर से चौधरी मदन लाल बग्गा और पायल से मनविंदर सिंह ग्यासपुरा को उम्मीदवार बनाया गया है।

मालवा क्षेत्र में बाघापुराना से अमृतपाल सिंह सुखानंद, मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, धर्मकोट से देविंदरजीत सिंह लाडी ढोस, जलालाबाद से जगदीप कंबोज गोल्डी, फाजिल्का से नरेंद्रपाल सिंह सवना और मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़ को टिकट मिला है।

इसके अलावा तलवंडी साबो से बलजिंदर कौर, सरदूलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनावाली, भदौड़ से लाभ सिंह उगोके, महल कलां से कुलवंत सिंह पंडोरी, अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जनमाजरा और पटियाला से अजीतपाल सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

Related posts