दुल्हन सज-धजकर करती रही बारात का इंतजार, दूल्हे पक्ष ने अचानक तोड़ी शादी! फोन बंद कर हुए गायब, दहेज मांगने का आरोप

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में शादी की खुशियां उस वक्त मायूसी में बदल गईं, जब तय तारीख पर दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाए और परिवार के साथ पूरी रात बारात का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हे पक्ष का कोई पता नहीं चला। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया और अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। मामले में दुल्हन के पिता ने जसराना थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

मामला जसराना थाना क्षेत्र के बिठवारा गांव का है। यहां के एक व्यक्ति ने अपनी 20 वर्षीय बेटी की शादी एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र के हिनौना गांव के एक युवक से तय की थी। 17 नवंबर को लगन-टीका का कार्यक्रम हुआ था। इस दौरान दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को करीब एक लाख रुपये के कपड़े और अन्य सामान दिए थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद शादी की तैयारियों में कोई कमी नहीं रखी गई।

बारात के स्वागत की तैयारी, लेकिन नहीं पहुंचा दूल्हा

बुधवार, 25 नवंबर की रात बारात आनी थी। घर में शादी की सभी तैयारियां पूरी थीं। रिश्तेदारों और गांव के लोगों के लिए दावत का इंतजाम भी किया गया था। दुल्हन पक्ष के मुताबिक, शादी की तैयारियों और दावत पर करीब पांच लाख रुपये खर्च किए गए थे।

शाम से ही परिवार बारात के आने की राह देखता रहा, लेकिन देर रात तक कोई नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने दूल्हे पक्ष से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, मगर सभी के मोबाइल फोन बंद मिले।

बिचौलिये से मिली शादी से इनकार की जानकारी

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि कुछ देर बाद बिचौलिये के जरिए पता चला कि दूल्हे के परिजनों ने बारात लाने से इनकार कर दिया है। दहेज की मांग को लेकर शादी तोड़ने का आरोप लगाते हुए दुल्हन के पिता ने जसराना थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, दुल्हन पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई गई है।

 

Related posts